After Header-1

लंदन से उत्तराखंड पहुंचे छात्र, महाराज से जाना पर्यटन का मॉडल

देहरादून। साउथेम्प्टन विश्वविद्यालय, लंदन के छात्र-छात्राओं के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज से मुलाकात कर उत्तराखंड के पर्यटन, संस्कृति और स्थानीय व्यवस्थाओं की जानकारी ली। विश्वविद्यालय के इंडिया सेंटर के प्रथम ICCR चेयर ऑफ इंडिया स्टडीज एवं विजिटिंग प्रोफेसर चंद्र प्रकाश कांडपाल के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने सुभाष रोड स्थित कैंप कार्यालय में पर्यटन मंत्री से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान छात्रों ने प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों को समझा और अपने सुझाव भी साझा किए।

यह भ्रमण इंडिया एक्सपीरिएंशियल लर्निंग प्रोग्राम के तहत आयोजित किया जा रहा है। देश के विभिन्न हिस्सों का भ्रमण करने के बाद छात्र-छात्राओं का दल उत्तराखंड पहुंचा है। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारत की सभ्यता, संस्कृति और विविधता से प्रत्यक्ष रूप से परिचित कराना है, ताकि वे अपने अनुभवों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर साझा कर सकें।

पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि साउथेम्प्टन विश्वविद्यालय की टीम भारत की संस्कृति और परंपराओं को करीब से समझने के उद्देश्य से देश के विभिन्न हिस्सों का दौरा कर रही है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में दुनिया के अलग-अलग देशों के विद्यार्थी अध्ययन करते हैं। ऐसे में उत्तराखंड का अनुभव उनके माध्यम से विदेशों तक पहुंच सकता है।

महाराज ने छात्रों को उत्तराखंड के प्रमुख पर्यटन स्थलों और सरकार की योजनाओं की जानकारी भी दी। उन्होंने ऋषिकेश स्थित बीटल्स आश्रम का उल्लेख करते हुए बताया कि प्रसिद्ध बीटल्स बैंड ने यहां प्रवास किया था। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क के साथ होमस्टे और एस्ट्रो टूरिज्म को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।

पर्यटन मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से भी विदेशी विद्यार्थियों का उत्तराखंड में स्वागत किया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि छात्र यहां से सकारात्मक अनुभव लेकर जाएंगे और उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता, संस्कृति और पर्यटन संभावनाओं को दुनिया के सामने रखने में सहयोग करेंगे।

प्रतिनिधिमंडल ने उत्तराखंड की भारतीय संस्कृति, स्थानीय भोजन और यहां उपलब्ध रहने की व्यवस्थाओं की सराहना की। इस अवसर पर कार्यक्रम के कोऑर्डिनेटर डॉ. अमित कुमार और प्रोफेसर साबू पदम दास भी मौजूद रहे।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.