अंकिता की पुण्यतिथि पर गरिमा का भाजपा से सवाल, आखिर चुप्पी क्यों?

देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने अंकिता भंडारी की चौथी पुण्यतिथि से पहले भाजपा पर निशाना साधते हुए कई सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि एक ओर भाजपा मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के जन्मदिन समारोहों में व्यस्त है, वहीं दूसरी ओर 18 सितंबर को उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी की पुण्यतिथि है। यह दिन प्रदेश के लिए सिर्फ एक तारीख नहीं, बल्कि उस बेटी को याद करने का अवसर है, जिसकी हत्या ने पूरे उत्तराखंड को झकझोर दिया था।

दसौनी ने कहा कि अंकिता केवल पौड़ी गढ़वाल की बेटी नहीं थी, बल्कि पूरे उत्तराखंड की बेटी थी। उन्होंने सवाल किया कि क्या अंकिता की चौथी पुण्यतिथि पर भाजपा नेताओं के पास उसके लिए संवेदना के दो शब्द भी नहीं हैं। उनके मुताबिक, इस मामले से जुड़े कई सवाल आज भी प्रदेशवासियों के मन में अनुत्तरित हैं।

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि अंकिता हत्याकांड में सामने आए कथित वीआईपी एंगल को लेकर भी लगातार सवाल उठते रहे हैं। अंकिता के माता-पिता भी इस मामले में लंबे समय से जवाब की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनवरी 2026 में सरकार की ओर से सीबीआई जांच की सिफारिश और फरवरी में जांच शुरू होने के बाद लोगों को उम्मीद जगी थी कि मामले से जुड़े अनसुलझे सवालों का सच सामने आएगा।

दसौनी ने मांग की कि सीबीआई जांच की प्रगति को सार्वजनिक किया जाए और कथित वीआईपी एंगल समेत मामले के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाए। साथ ही अंकिता के परिवार को जांच की स्थिति की नियमित जानकारी देने की व्यवस्था हो।

उन्होंने कहा कि अंकिता कांग्रेस के लिए कोई चुनावी मुद्दा नहीं, बल्कि उत्तराखंड की बेटी है। भाजपा उसे भूल सकती है, लेकिन प्रदेश की जनता उसे नहीं भूलेगी। जब तक मामले का पूरा सच सामने नहीं आता, अंकिता के परिवार और उत्तराखंड के लोगों के सवाल उठते रहेंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.