कोलकाता। पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। भाजपा ने दोनों सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। पार्टी ने नंदीग्राम से हासिरानी रथ और रेजीनगर से शाखारव सरकार को मैदान में उतारा है। वहीं, तृणमूल कांग्रेस के बागी गुट ने भी दोनों सीटों पर अपने प्रत्याशी घोषित कर मुकाबले को और रोचक बना दिया है।
नंदीग्राम से भाजपा प्रत्याशी हासिरानी रथ पार्टी नेता शुभेंदु अधिकारी के पूर्व निजी सहायक रहे चंद्रनाथ रथ की मां हैं। चंद्रनाथ रथ की मई में हत्या कर दी गई थी। ऐसे में उनकी मां को उम्मीदवार बनाए जाने से नंदीग्राम का चुनाव राजनीतिक रूप से खासा अहम हो गया है। चंद्रनाथ रथ लंबे समय तक शुभेंदु अधिकारी के करीबी माने जाते थे और संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते थे।
इधर, ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले तृणमूल कांग्रेस के बागी गुट ने नंदीग्राम से मोहम्मद एतेशामुल हक और मुर्शिदाबाद की रेजीनगर सीट से सफीउद्दीन शेख को प्रत्याशी बनाया है। इसके साथ ही दोनों सीटों पर टीएमसी के दो धड़ों के बीच मुकाबले की स्थिति बन गई है।
बताया जा रहा है कि 2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में टीएमसी की हार के बाद पार्टी के भीतर मतभेद खुलकर सामने आए। इसके बाद बागी गुट के लिए यह पहला बड़ा चुनावी मुकाबला माना जा रहा है।
चंद्रनाथ रथ 41 वर्ष के थे और पूर्वी मेदिनीपुर जिले के चांदपुर के रहने वाले थे। राजनीति में आने से पहले उन्होंने करीब दो दशक तक भारतीय वायुसेना में सेवा की थी। उन्होंने रहड़ा रामकृष्ण मिशन से शिक्षा प्राप्त की थी। परिवार के अनुसार, वह रामकृष्ण मिशन के विचारों से प्रभावित थे और एक समय आध्यात्मिक जीवन अपनाने पर भी विचार कर चुके थे। अब उनकी मां के चुनाव मैदान में उतरने से नंदीग्राम की सियासत पर सभी की नजरें टिक गई हैं।