देहरादून। खेल मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि राज्य सरकार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार नई योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में खेलों के प्रति युवाओं का बढ़ता रुझान सकारात्मक बदलाव का संकेत है।
खेल मंत्री सोमवार को देहरादून के युवा केंद्र, आमवाला पहुंचीं, जहां उन्होंने ‘मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी’ के तहत आयोजित जूडो प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न जनपदों से पहुंचे खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और सरकार की ओर से खिलाड़ियों के लिए संचालित योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी ली।
रेखा आर्य ने बताया कि ‘मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी’ के लिए अब तक 3,17,988 खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है। उन्होंने कहा कि यह संख्या पिछले 10 वर्षों में सबसे अधिक है। उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में पंजीकरण की संख्या और बढ़ेगी। उन्होंने इसे इस बात का संकेत बताया कि प्रदेश के बच्चे पढ़ाई के साथ खेलों को भी गंभीरता से अपना रहे हैं।
खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए खेल मंत्री ने कहा कि समाज में खेलों को लेकर सोच में बड़ा बदलाव आया है। पहले जिन खेलों को कई लोग कम महत्व देते थे, आज वही परिवार अपने बच्चों को खेलों में आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर अवसर देने के लिए कई योजनाओं पर काम कर रही है। हाल में कैबिनेट ने राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के लिए आउट ऑफ टर्न जॉब के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। यह निर्णय खिलाड़ियों के प्रति सरकार की गंभीरता को दर्शाता है।
रेखा आर्य ने कहा कि खेल अब केवल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं रहे हैं, बल्कि युवाओं के लिए करियर और सम्मानजनक भविष्य का माध्यम भी बन रहे हैं।