नई दिल्ली। अमेरिकी टेनिस स्टार बेन शेल्टन यूएस ओपन 2026 का खिताब जीतकर इतिहास रचने से सिर्फ एक कदम दूर हैं। फाइनल में उनका सामना शीर्ष वरीयता प्राप्त अलेक्जेंडर ज्वेरेव से होगा। खिताबी मुकाबला रविवार देर रात 11:30 बजे से खेला जाएगा। शेल्टन की नजर अपनी पहली ग्रैंड स्लैम ट्रॉफी के साथ अमेरिकी पुरुष टेनिस के लंबे इंतजार को खत्म करने पर होगी।
शेल्टन ने सेमीफाइनल में हमवतन फ्रांसेस टियाफो को हराकर फाइनल में जगह बनाई। अब उनके सामने करियर की सबसे बड़ी चुनौती है। जियोस्टार को दिए इंटरव्यू में शेल्टन ने कहा कि वह फाइनल के लिए पूरी तरह तैयार हैं और कोर्ट पर अपना सर्वश्रेष्ठ देने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने कहा कि परिणाम चाहे जो हो, उन्हें अब तक के सफर और प्रदर्शन पर गर्व रहेगा, लेकिन उनका सपना खिताब जीतना है।
शेल्टन का कहना है कि वह तत्काल सफलता के बजाय लगातार खुद को बेहतर बनाने में विश्वास रखते हैं। हालांकि, इस समय लक्ष्य उनके सामने है और वह इस मौके का पूरा फायदा उठाना चाहते हैं।
अमेरिकी टेनिस के लिए भी ऐतिहासिक मौका
शेल्टन की फाइनल में पहुंचने की उपलब्धि अमेरिकी टेनिस के लिए भी बेहद खास है। वर्ष 2003 में एंडी रॉडिक के बाद कोई अमेरिकी पुरुष खिलाड़ी यूएस ओपन पुरुष एकल का खिताब नहीं जीत सका है। ऐसे में शेल्टन के पास 23 साल से चले आ रहे इस इंतजार को खत्म करने का मौका है।
इसके अलावा वह यूएस ओपन के फाइनल में पहुंचने वाले आर्थर ऐश के बाद पहले अश्वेत अमेरिकी पुरुष खिलाड़ी भी हैं। इस उपलब्धि के लिए शेल्टन ने अपने परिवार और करियर में उनका साथ देने वाले सभी लोगों को श्रेय दिया।
उन्होंने कहा कि कई लोगों ने उनके लिए त्याग किया है और आज इस मुकाम पर पहुंचने में उनका योगदान रहा है। शेल्टन ने माना कि इतिहास का हिस्सा बनना शानदार है, लेकिन उनका काम अभी पूरा नहीं हुआ है। अब उनकी नजर सिर्फ ज्वेरेव के खिलाफ फाइनल जीतकर पहली ग्रैंड स्लैम ट्रॉफी अपने नाम करने पर है।