नई दिल्ली। पंजाब में किसान गुलजार सिंह की आत्महत्या और उनकी मौत को लेकर राजनीतिक विवाद बढ़ता जा रहा है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बुधवार को भगवंत मान सरकार पर गंभीर सवाल उठाते हुए वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा का तत्काल इस्तीफा लेने की मांग की। साथ ही उन्होंने पूरे मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि दलित समुदाय से आने वाले किसान गुलजार सिंह ने अपने बेटे के नशे की चपेट में आने के बाद पंजाब सरकार की कथित नाकामी को लेकर वित्त मंत्री से सवाल किए थे। राहुल के अनुसार, गुलजार सिंह ने सरकार से राज्य में ड्रग्स के कारोबार पर रोक लगाने को लेकर जवाब मांगा था।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि इसके बाद गुलजार सिंह पर कथित तौर पर माफी मांगने का दबाव बनाया गया। उन्होंने कहा कि किसान को प्रताड़ित और अपमानित किए जाने के बाद उसने कथित रूप से जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर उसे इलाज के लिए एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अंततः उसकी मौत हो गई।
कांग्रेस नेता ने कहा कि यह पंजाब में इस तरह का पहला मामला नहीं है। उन्होंने दावा किया कि पिछले सप्ताह उन्होंने मोहनजीत सिंह से भी बातचीत की थी, जिन्हें मुख्यमंत्री भगवंत मान के खिलाफ प्रदर्शन करने के कारण कथित तौर पर प्रताड़ित किया गया था।
राहुल गांधी ने कहा कि सरकार की जिम्मेदारी जनता के सवालों का जवाब देना है, न कि सवाल उठाने वालों की आवाज दबाना। उन्होंने गुलजार सिंह के परिवार को जल्द न्याय दिलाने की मांग की।
उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान से पूरे मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने तथा प्राथमिकी में वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा का नाम दर्ज किए जाने की मांग भी की। मामले को लेकर पंजाब की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप तेज होने के आसार हैं।