कोंडागांव में नक्सलियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 30 किलो विस्फोटक-पिस्टल बरामद

कोंडागांव,  छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। नक्सल सेल, डीआरजी, बस्तर फाइटर्स और बीडीएस की संयुक्त टीम ने थाना मर्दापाल क्षेत्र के जंगल-पहाड़ी इलाके में सर्चिंग अभियान चलाकर करीब 30 किलोग्राम विस्फोटक, 9 एमएम पिस्टल और बड़ी मात्रा में अन्य नक्सली सामग्री बरामद की है। कोंडागांव के पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा ने बरामदगी की पुष्टि की है।

पुलिस के अनुसार, नक्सलियों द्वारा जंगल में छिपाकर रखे गए हथियारों, आईईडी और अन्य सामग्री की तलाश के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिली जानकारी के आधार पर संयुक्त टीम ने ग्राम कोरमेल, पुसपाल और मोखामारी के आसपास के जंगल एवं पहाड़ी क्षेत्र में अभियान शुरू किया।

सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर डी-माइनिंग और सर्चिंग की कार्रवाई की। तलाशी के दौरान टीम को 10 किलोग्राम वजन के तीन टिफिन आईईडी, करीब 20 किलोग्राम जीलेटिन विस्फोटक, 9 एमएम पिस्टल, डेटोनेटर, वायर, सेफ्टी फ्यूज और अन्य सामग्री मिली।

बरामद सामग्री में छह वॉकी-टॉकी, उनके एंटीना, चार्जर और हैंडफोन, इलेक्ट्रिक एवं नॉन-इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, कमर्शियल डेटोनेटर, इलेक्ट्रिक वायर के चार बंडल, कारडेक्स वायर, सेफ्टी फ्यूज और लोहे का पाइप भी शामिल है। पुलिस ने बताया कि बरामद 10 किलोग्राम वजन वाले टिफिन आईईडी को बीडीएस टीम ने सुरक्षा कारणों से मौके पर ही नष्ट कर दिया।

अधिकारियों के मुताबिक, जंगल और पहाड़ी क्षेत्रों में नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखी गई विस्फोटक सामग्री सुरक्षा बलों और आम लोगों के लिए गंभीर खतरा बन सकती थी। समय रहते इसकी बरामदगी से संभावित नुकसान को टालने में मदद मिली है।

फिलहाल सुरक्षा बल इलाके में सर्चिंग अभियान जारी रखे हुए हैं। बरामद सामग्री के संबंध में आगे की जांच की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इसे किस उद्देश्य से छिपाकर रखा गया था। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां नक्सली गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए क्षेत्र में लगातार अभियान चला रही हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.