‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ में विजय के सामने नई चुनौती, कौन बिगाड़ेगा पूरा खेल?

बहुचर्चित फैमिली थ्रिलर फ्रेंचाइजी ‘दृश्यम’ अब अपने तीसरे और निर्णायक अध्याय ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ के साथ दर्शकों के बीच आने के लिए तैयार है। फिल्म के मेकर्स ने हाल ही में फर्स्ट लुक कैरेक्टर पोस्टर्स जारी किए हैं, जिनसे साफ संकेत मिल रहा है कि इस बार विजय सलगांवकर के सामने अब तक की सबसे बड़ी चुनौती खड़ी होने वाली है। फिल्म 2 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

फिल्म में अजय देवगन एक बार फिर विजय सलगांवकर की भूमिका में नजर आएंगे। अपनी सूझबूझ, रणनीति और परिवार को बचाने के जज्बे के लिए पहचाने जाने वाला विजय इस बार किस तरह नई परिस्थितियों से निपटेगा, यही कहानी का सबसे बड़ा आकर्षण होगा। उनके साथ श्रिया सरन भी नंदिनी सलगांवकर के किरदार में वापसी कर रही हैं।

पिछली दोनों फिल्मों में विजय और उसके परिवार ने पुलिस की जांच और लगातार बढ़ते सवालों का सामना किया था। अब कहानी एक ऐसे मोड़ पर पहुंचती दिख रही है, जहां पुराने राज और नई चुनौतियां एक साथ सामने आ सकती हैं। वहीं, तब्बू एक बार फिर मीरा देशमुख की भूमिका में दिखाई देंगी। बेटे को खोने का दर्द और विजय से बदला लेने की भावना उनके किरदार को इस बार और अधिक व्यक्तिगत तथा भावनात्मक बना सकती है।

रजत कपूर भी महेश देशमुख के रूप में फ्रेंचाइजी में लौट रहे हैं। वहीं, कहानी में दो नए महत्वपूर्ण चेहरों की एंट्री ने उत्सुकता बढ़ा दी है। जयदीप अहलावत एसपी क्राइम ब्रांच राजवीर सिंह तोमर की भूमिका निभाएंगे। उनका किरदार विजय के सामने नई कानूनी और रणनीतिक मुश्किलें खड़ी कर सकता है।

इसके अलावा प्रकाश राज वकील इंद्रजीत शेट्टी के किरदार में नजर आएंगे। ऐसे में ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ में पुराने किरदारों की वापसी के साथ नए विरोधियों की मौजूदगी कहानी के दांव को और बड़ा करती नजर आ रही है। अब देखना दिलचस्प होगा कि विजय सलगांवकर इस बार अपने परिवार को बचाने के लिए कौन-सी नई चाल चलता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.