कॉलेज छात्रों तक पहुंच रही थी हरियाणा की शराब, देहरादून में 19 पेटी जब्त

देहरादून,  प्रेमनगर थाना क्षेत्र के कंडोली-बिडौली इलाके में आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध शराब की तस्करी और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में शराब बरामद की है। टीम ने मौके से एक चारपहिया वाहन और तीन स्कूटी भी जब्त की हैं। कार्रवाई के दौरान कुल 19 पेटी शराब बरामद हुई, जिसमें 10 पेटी अंग्रेजी व इंपोर्टेड शराब और नौ पेटी बीयर शामिल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जनपदीय प्रवर्तन दल देहरादून और आबकारी टीम मसूरी ने प्रभारी सहायक आबकारी आयुक्त प्रेरणा बिष्ट के नेतृत्व में कंडोली-बिडौली क्षेत्र में दबिश दी। विभाग को सूचना मिली थी कि हरियाणा से शराब लाकर क्षेत्र में अवैध रूप से बेची जा रही है। कार्रवाई के दौरान टीम ने शराब की खेप बरामद कर ली।

जांच में सामने आया कि शराब को कथित तौर पर कॉलेज छात्रों तक होम डिलीवरी के माध्यम से पहुंचाया जाता था। बरामद शराब की पेटियों पर ‘फॉर सेल इन चंडीगढ़ ओनली’ अंकित बताया गया है। इससे शराब की अवैध तस्करी कर उत्तराखंड में बिक्री किए जाने की आशंका सामने आई है।

कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी बताए जा रहे विक्रांत उर्फ गर्वित के फरार होने की जानकारी है। वह अपना चारपहिया वाहन मौके पर छोड़कर भाग गया। पुलिस और आबकारी विभाग अब उसकी तलाश में जुटे हैं। वहीं, टीम ने अंकुश, सौरभ और पिंकी नामक तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। तीनों हरियाणा के निवासी बताए गए हैं।

आबकारी विभाग ने आरोपितों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 63/72 के तहत कार्रवाई की है। गिरफ्तार आरोपितों को न्यायालय में पेश किए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

कार्रवाई करने वाली टीम में आबकारी निरीक्षक मसूरी दिवाकर चौधरी, जयवीर सिंह, उप आबकारी निरीक्षक उमराव सिंह राठौर, आशीष प्रकाश, अर्जुन सिंह समेत हेड कांस्टेबल राकेश नाथ, गोविंद सिंह, हेमंत, नौशाद और रीनू कुमार शामिल रहे।

अवैध शराब की सप्लाई के इस नेटवर्क में अन्य लोगों की भूमिका है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। फरार मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं के सामने आने की उम्मीद है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.