टेक्सास, अमेरिका के टेक्सास में जंगल की भीषण आग ने कुछ ही घंटों में विकराल रूप ले लिया। सोमवार दोपहर शुरू हुई रॉस आग ने उत्तर-मध्य टेक्सास के दो काउंटी में एक दिन से भी कम समय में 200 वर्ग किलोमीटर से अधिक क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया। तेज हवाओं और बेहद शुष्क मौसम के कारण आग तेजी से फैलती गई, जिससे स्थानीय प्रशासन और दमकल कर्मियों के सामने बड़ी चुनौती खड़ी हो गई।
आग की चपेट में आने से एक यूथ कैंप की कई इमारतें नष्ट हो गईं। इसके अलावा कुछ कारोबारी ढांचे भी जलकर तबाह हुए हैं। स्थिति को देखते हुए प्रभावित इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। मंगलवार को एहतियातन कई स्कूलों को भी बंद कर दिया गया।
स्थानीय निवासी कैटी रोशेल ने आग की भयावह स्थिति का जिक्र करते हुए बताया कि लपटें बेहद तेजी से आगे बढ़ रही थीं और तेज हवा ने हालात को और खतरनाक बना दिया। पैलो पिंटो काउंटी के आपात सेवा अधिकारियों ने भी आग की रफ्तार को लेकर चिंता जताई है।
दमकल प्रमुख डैनी वाटकिंस के अनुसार, आग पर नियंत्रण पाने के लिए पूरी क्षमता से प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन तेज हवाओं के कारण फिलहाल इन प्रयासों का सीमित असर दिखाई दे रहा है। मंगलवार शाम तक आग के केवल करीब आठ प्रतिशत हिस्से पर ही काबू पाया जा सका था।
टेक्सास की यह घटना अमेरिका के दक्षिणी और पश्चिमी हिस्सों में जारी जंगल की आग की व्यापक स्थिति का हिस्सा है। बेहद शुष्क मौसम के कारण कई क्षेत्रों में आग तेजी से फैल रही है। राष्ट्रीय अंतर-एजेंसी अग्निशमन केंद्र के आंकड़ों के मुताबिक, इस साल अब तक अमेरिका में 50 हजार से अधिक जंगल में आग लगने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
वहीं, नेवादा में लगी हॉक फायर ने भी बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचाया है। आग से करीब 60 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र प्रभावित हुआ और 47 घर नष्ट हो गए। इसके चलते हजारों लोगों को रेनो क्षेत्र से सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा। रिपोर्ट के अनुसार, हॉक फायर पर करीब 27 प्रतिशत तक नियंत्रण पाया जा सका है। लगातार बढ़ती आग की घटनाओं ने अमेरिकी प्रशासन के सामने अग्निशमन और राहत-बचाव की चुनौती बढ़ा दी है।