जौनसारी बोली में शुरू होगा सर्टिफिकेट कोर्स, नई पीढ़ी को मिलेगा बड़ा तोहफा

साहिया। जौनसार-बावर क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सामने आई है। सरदार महिपाल राजेंद्र जनजातीय पीजी कॉलेज, साहिया में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी के आगमन के दौरान जौनसारी बोली में सर्टिफिकेट कोर्स शुरू करने की घोषणा की गई। इस पहल को क्षेत्र की भाषा, संस्कृति और पहचान के संरक्षण के साथ-साथ नई पीढ़ी को शिक्षा से जोड़ने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

सरदार महिपाल राजेंद्र जनजातीय पीजी कॉलेज वर्ष 2010 से उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के साथ मिलकर जौनसार-बावर के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के अवसर उपलब्ध करा रहा है। दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्र में स्थित होने के बावजूद अध्ययन केंद्र के माध्यम से अब तक 3,000 से अधिक छात्र-छात्राएं उच्च शिक्षा से जुड़ चुके हैं।

कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी ने क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि ‘उच्च शिक्षा आपके द्वार’ की भावना के अनुरूप दूरस्थ क्षेत्रों तक शिक्षा के अवसर पहुंचाना विश्वविद्यालय की प्राथमिकताओं में शामिल है। जौनसारी बोली में सर्टिफिकेट कोर्स की शुरुआत से स्थानीय भाषा और संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में भी मदद मिलेगी।

महाविद्यालय परिवार ने इस घोषणा का स्वागत करते हुए कहा कि मातृभाषा में शिक्षा से विद्यार्थियों का अपनी संस्कृति और स्थानीय पहचान के प्रति जुड़ाव मजबूत होगा। साथ ही उन्हें अपनी भाषा के माध्यम से नए कौशल सीखने का अवसर भी मिलेगा।

कॉलेज प्रबंधन के अनुसार, पिछले वर्षों में विश्वविद्यालय के सहयोग से क्षेत्र के बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा का लाभ मिला है। अध्ययन केंद्र ने उन युवाओं के लिए शिक्षा के नए रास्ते खोले हैं, जो भौगोलिक परिस्थितियों या अन्य कारणों से नियमित विश्वविद्यालयों तक नहीं पहुंच पाते।

महाविद्यालय परिवार ने कुलपति और उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि भविष्य में भी क्षेत्र के अधिक से अधिक विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा से जोड़ा जाएगा। जौनसारी बोली में प्रस्तावित सर्टिफिकेट कोर्स को इस दिशा में एक नई शुरुआत माना जा रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.