देहरादून। लगातार बारिश के कारण देहरादून शहर के कई इलाकों में जलभराव की समस्या सामने आ रही है। सीमाद्वार क्षेत्र में स्थिति को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने मंगलवार को आईटीबीपी रोड और सीमाद्वार का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर जलभराव की स्थिति देखी और स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं। निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय विधायक सविता कपूर भी मौजूद रहीं।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बारिश के दौरान जलभराव के कारण आम लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने समस्या के तत्काल समाधान के साथ-साथ स्थायी व्यवस्था तैयार करने पर भी जोर दिया।
जलभराव की स्थिति को देखते हुए डीएम ने नगर निगम और लोक निर्माण विभाग को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। नगर निगम को 24 घंटे के भीतर सड़क किनारे नालियों में जमा मलबा और कूड़ा साफ कराने को कहा गया। इसके साथ ही डिवाटरिंग पंप लगाकर सड़कों और आसपास जमा पानी की निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं, लोक निर्माण विभाग को प्रभावित सड़क पर यातायात सुचारू रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
डीएम ने निर्देश दिए कि जब तक जलभराव की समस्या का तत्काल समाधान नहीं हो जाता, तब तक पटवारी सीमाद्वार क्षेत्र में रहकर स्थिति पर लगातार नजर रखेंगे। डिवाटरिंग कार्यों की निगरानी के साथ स्थानीय स्तर पर सामने आने वाली छोटी समस्याओं का भी तत्काल समाधान करने को कहा गया। जलभराव से निपटने के लिए जिलाधिकारी ने मौके पर ही आवश्यक बजट की स्वीकृति भी प्रदान की।
न्यूकैंट रोड पर अवैध पार्किंग पर कार्रवाई
इससे पहले जिलाधिकारी ने न्यूकैंट रोड पर यातायात व्यवस्था का भी जायजा लिया। सेंट्रियो मॉल के आसपास सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में चौपहिया और दोपहिया वाहन अवैध तरीके से खड़े मिले। इससे यातायात प्रभावित होने पर डीएम ने नाराजगी जताई।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों को सड़क किनारे अवैध रूप से पार्क किए गए वाहनों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके बाद मौके पर ही कई वाहनों के चालान किए गए। डीएम ने स्पष्ट किया कि शहर में यातायात व्यवस्था और आमजन की सुविधा से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।