न्यू टिहरी में दिखी देशभक्ति की तस्वीरें, गणेश जोशी ने किया फोटो प्रदर्शनी का उद्घाटन

देहरादून/नई टिहरी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से न्यू टिहरी में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत विशेष फोटो प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी), देहरादून, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से आयोजित दो दिवसीय एकीकृत संचार एवं आउटरीच कार्यक्रम के तहत प्रदर्शनी लगाई गई है।

फोटो प्रदर्शनी का उद्घाटन प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने किया। प्रदर्शनी में देश की आजादी, राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति से जुड़े विभिन्न विषयों को तस्वीरों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस के महत्व और राष्ट्र के प्रति नागरिकों की जिम्मेदारियों के बारे में लोगों को जागरूक करना है।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने हर घर तिरंगा अभियान के तहत 13 अगस्त को नई टिहरी के विभिन्न विद्यालयों में आयोजित अंतरविद्यालयी प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित किया। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने कविता, चित्रकला और पोस्टर मेकिंग में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बच्चों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा के माध्यम से देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावनाओं को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।

कविता प्रतियोगिता में वीबीएस पब्लिक स्कूल की कुमारी आकृति ने प्रथम स्थान हासिल किया। ऑल सेंट कॉन्वेंट स्कूल की कुमारी अवंतिका दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की प्रतिमा चौहान ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को कार्यक्रम में सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

सीबीसी की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों और आम लोगों को स्वतंत्रता दिवस के ऐतिहासिक महत्व से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। फोटो प्रदर्शनी के साथ विभिन्न जागरूकता गतिविधियों के जरिए नागरिकों को राष्ट्रध्वज के सम्मान, राष्ट्रीय एकता और देश के प्रति जिम्मेदारियों का संदेश भी दिया जा रहा है।

आयोजकों के अनुसार, ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को जनभागीदारी से जोड़ना और प्रत्येक नागरिक में राष्ट्र के प्रति गर्व एवं सम्मान की भावना को और मजबूत करना है। न्यू टिहरी में आयोजित यह कार्यक्रम इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.