श्रीनगर/देहरादून। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तीसरे दिन श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला। कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के नेतृत्व में पैठाणी, चाकीसैंण, तरपालीसैंण और माजरा महादेव में तिरंगा यात्राएं निकाली गईं। यात्राओं में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों, महिलाओं, युवाओं और पार्टी कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। तिरंगा हाथों में लेकर निकले लोगों ने देशभक्ति के नारे लगाए, जिससे पूरा क्षेत्र राष्ट्रप्रेम के रंग में रंगा नजर आया।
पैठाणी में डॉ. धन सिंह रावत ने युवाओं और स्थानीय लोगों के साथ पैदल तिरंगा यात्रा में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। यह स्वतंत्रता संग्राम के वीरों के त्याग और बलिदान की याद दिलाने के साथ नागरिकों को देश की एकता, अखंडता और स्वाभिमान के लिए समर्पित रहने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ केवल एक आयोजन नहीं है, बल्कि देश के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी की सामूहिक अभिव्यक्ति है। तिरंगा यात्रा में युवाओं की बड़ी भागीदारी यह दर्शाती है कि नई पीढ़ी राष्ट्र निर्माण और देश की प्रगति को लेकर सजग है।
चाकीसैंण, तरपालीसैंण और माजरा महादेव में भी तिरंगा यात्राओं में लोगों की भारी भागीदारी रही। डॉ. रावत ने क्षेत्रवासियों से अपने घरों पर तिरंगा फहराकर अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम राष्ट्रीय एकता, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करते हैं।
बॉक्स: सैकड़ों लोगों ने थामा भाजपा का दामन
‘हर घर तिरंगा’ अभियान के दौरान श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के कनाकोट, काण्डा, पैलार और सरणा गांवों से कई लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए उन्हें पार्टी में शामिल कराया। उन्होंने कहा कि भाजपा की विचारधारा और जनकल्याणकारी नीतियों से प्रभावित होकर लोग संगठन से जुड़ रहे हैं। नए सदस्यों के आने से पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूती मिलने के साथ जनसेवा के कार्यों को भी नई ऊर्जा मिलेगी।