देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड के विभिन्न जिलों में विकास एवं निर्माण कार्यों को गति देने के लिए कई योजनाओं को वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इनमें सड़क निर्माण, संपर्क मार्ग, इंटरलॉकिंग टाइल्स, मंदिरों के सौंदर्यीकरण, श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं के विकास और धर्मशाला निर्माण जैसे कार्य शामिल हैं। सरकार का जोर ग्रामीण और पर्वतीय क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के साथ धार्मिक स्थलों के विकास पर भी है।
पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में एंचोली-जाख मोटर मार्ग पर मोती मार्ग प्रवेश द्वार के निर्माण के लिए 8.93 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। वहीं चंपावत विधानसभा क्षेत्र में सेलागाड़ से कोटकेन्द्री तक संपर्क मार्ग के लिए 40.53 लाख रुपये तथा नई टिहरी विधानसभा क्षेत्र में डाबरा पानी तोक तक आरसीसी खड़ंजा रेलिंग मार्ग के निर्माण के लिए 52.06 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।
पिथौरागढ़ के ध्वज जयंती माता मंदिर में आवास, पेयजल, शौचालय और मार्ग जैसी सुविधाओं के विकास के लिए 97.09 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। उत्तरकाशी के पुरोला क्षेत्र में रंवाई घाटी स्थित श्री रुद्रेश्वर महाराज मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 1.79 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
अल्मोड़ा जिले में मल्ली मनिला मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 98.80 लाख रुपये और जागेश्वर विधानसभा क्षेत्र के भेटाबडोली स्थित भीमादेवी मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 98.50 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है।
उधमसिंहनगर के गदरपुर क्षेत्र में विभिन्न मंदिरों और धर्मशालाओं के निर्माण के लिए 2.54 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा डीडीहाट में नैनीपाताल से नाघर इंटर कॉलेज तक सीसी संपर्क मार्ग के लिए 79.87 लाख रुपये तथा चंपावत के मैरोली और बड़पास में आंतरिक मार्गों के इंटरलॉकिंग टाइल्स निर्माण के लिए 3.89 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने चंपावत के लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय कल्याण सिंह अधिकारी की स्मृति में मूर्ति स्थापित करने के लिए 32.49 लाख रुपये की स्वीकृति का भी अनुमोदन किया है। इन योजनाओं से पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क, धार्मिक पर्यटन और स्थानीय सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।