उत्तराखंड में AI-रोबोटिक्स की पढ़ाई शुरू, युवाओं के लिए खुलेंगे नए करियर रास्ते

देहरादून। उत्तराखंड के युवाओं को अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और रोबोटिक्स जैसे आधुनिक तकनीकी क्षेत्रों में राज्य के भीतर ही उच्च शिक्षा का अवसर मिलेगा। तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बिपिन त्रिपाठी कुमायूं प्रौद्योगिकी संस्थान (बीटीकेआईटी), द्वाराहाट में दो नए बीटेक पाठ्यक्रम शुरू करने को मंजूरी दे दी है। इनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड मशीन लर्निंग (AI & ML) और रोबोटिक्स शामिल हैं। दोनों पाठ्यक्रम शैक्षणिक सत्र 2026-27 से स्व-वित्त पोषित माध्यम से संचालित किए जाएंगे।

तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि मौजूदा समय में एआई, मशीन लर्निंग और रोबोटिक्स जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षित युवाओं की मांग तेजी से बढ़ रही है। उद्योगों में तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल के कारण इन क्षेत्रों में विशेषज्ञता रखने वाले युवाओं के लिए रोजगार और करियर के नए अवसर तैयार हो रहे हैं। इसी को देखते हुए राज्य सरकार तकनीकी संस्थानों में आधुनिक और रोजगारपरक पाठ्यक्रमों को बढ़ावा दे रही है।

मंत्री के अनुसार बीटीकेआईटी द्वाराहाट में दोनों नए पाठ्यक्रमों के संचालन की अनुमति दे दी गई है और प्रवेश प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। संस्थान ने इन पाठ्यक्रमों के लिए उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय की प्रशासकीय परिषद और अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (AICTE), नई दिल्ली से आवश्यक अनुमोदन भी प्राप्त कर लिया है।

डॉ. रावत ने कहा कि सरकार का लक्ष्य युवाओं को बदलती तकनीकी दुनिया के अनुरूप तैयार करना है, ताकि उन्हें उच्च शिक्षा और रोजगार के लिए दूसरे राज्यों का रुख न करना पड़े। प्रदेश के अन्य तकनीकी संस्थानों में भी जल्द कई नए और लोकप्रिय पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे।

इनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा साइंस, साइबर सिक्योरिटी, रोबोटिक्स, क्वांटम कंप्यूटिंग, बॉयोटेक्नोलॉजी, सेमीकंडक्टर और फुल-स्टैक डेवलपमेंट जैसे विषय शामिल हैं। इन पाठ्यक्रमों के विस्तार से उत्तराखंड के छात्रों को आधुनिक तकनीकों की पढ़ाई के साथ उद्योगों की जरूरत के अनुरूप कौशल विकसित करने का अवसर मिलेगा। सरकार का जोर तकनीकी शिक्षा को रोजगार और भविष्य की वैश्विक मांग से जोड़ने पर है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.