चारधाम यात्रा ने फिर बनाया रिकॉर्ड, 114 दिनों में 47 लाख से ज्यादा श्रद्धालु पहुंचे

देहरादून। उत्तराखंड में चारधाम यात्रा इस वर्ष नए रिकॉर्ड की ओर बढ़ रही है। प्रदेश सरकार के अनुसार बेहतर आपदा प्रबंधन और यात्रा व्यवस्थाओं के चलते श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि तीर्थयात्रियों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

इस वर्ष 19 अप्रैल को गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ चारधाम यात्रा शुरू हुई थी। सोमवार 10 अगस्त तक यात्रा के 114 दिनों में कुल 47 लाख 02 हजार 703 श्रद्धालु चारधाम के दर्शन कर चुके हैं। पिछले वर्ष इसी अवधि में 42 लाख 34 हजार 147 श्रद्धालु पहुंचे थे। इस तरह इस वर्ष अब तक 4 लाख 68 हजार 556 अधिक यात्रियों ने चारधाम यात्रा की है।

आंकड़ों के अनुसार बद्रीनाथ धाम में अब तक सबसे अधिक 16 लाख 12 हजार 112 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। इसके बाद केदारनाथ में 14 लाख 50 हजार 116, गंगोत्री में 7 लाख 37 हजार 629 और यमुनोत्री धाम में 6 लाख 62 हजार 347 श्रद्धालु पहुंच चुके हैं। वहीं हेमकुंट साहिब में भी 2 लाख 40 हजार 499 श्रद्धालु मत्था टेक चुके हैं।

मौसम खराब रहने और प्रशासन की ओर से लगातार अलर्ट जारी किए जाने के बावजूद सोमवार को 15,376 श्रद्धालुओं ने चारधाम के दर्शन किए। इनमें बद्रीनाथ धाम में सबसे अधिक 9,559 यात्री पहुंचे। केदारनाथ में 4,170, गंगोत्री में 1,204 और यमुनोत्री में 443 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।

बद्रीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की संख्या में विशेष वृद्धि दर्ज की गई है। 23 अप्रैल से शुरू हुई बद्रीनाथ यात्रा ने 10 अगस्त को 110 दिन पूरे किए। इस अवधि में 16 लाख 12 हजार 112 श्रद्धालु बद्रीविशाल के दर्शन कर चुके हैं। पिछले वर्ष समान अवधि में यह संख्या 12 लाख 61 हजार 280 थी। यानी इस बार बद्रीनाथ पहुंचने वाले यात्रियों की संख्या में 3 लाख 50 हजार 192 की बढ़ोतरी हुई है।

प्रदेश सरकार का कहना है कि यात्रा मार्गों पर सुरक्षा, मौसम की निगरानी और आपदा प्रबंधन को प्राथमिकता देकर श्रद्धालुओं को सुरक्षित यात्रा उपलब्ध कराने के प्रयास जारी हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.