सीमांत क्षेत्र भटवाड़ी के युवाओं को तकनीकी शिक्षा के लिए अब लंबी दूरी तय करने से राहत मिलने की उम्मीद जगी है। भटवाड़ी मुख्यालय में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) केंद्र खोलने की मांग को लेकर पूर्व प्रमुख विनीता रावत और भाजपा के वरिष्ठ नेता जगमोहन सिंह रावत ने सोमवार को उत्तराखंड सरकार के पशुपालन, मत्स्य पालन एवं कौशल विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा को पत्र सौंपा। उन्होंने क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों और युवाओं को हो रही परेशानियों से मंत्री को अवगत कराया।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि मुखवा, धराली, हर्षिल, जसपुर, झाला, पुराली, बगोरी, सुक्की और उपला टकनौर समेत आसपास के कई क्षेत्रों से उत्तरकाशी स्थित आईटीआई की दूरी करीब 80 से 90 किलोमीटर है। पहाड़ी और सीमांत क्षेत्र होने के कारण इतनी लंबी दूरी तय करना स्थानीय युवाओं के लिए आसान नहीं है। इसके चलते बड़ी संख्या में युवा तकनीकी प्रशिक्षण और कौशल विकास के अवसरों से वंचित रह जाते हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मंत्री सौरभ बहुगुणा ने प्रतिनिधिमंडल को अपने स्तर से हरसंभव कार्रवाई का सकारात्मक आश्वासन दिया। उन्होंने सचिव सी. रविशंकर को इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद सचिव ने भी क्षेत्र की दूरी और स्थानीय आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए संबंधित निदेशक को मामले की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
भाजपा नेता जगमोहन सिंह रावत ने कहा कि भटवाड़ी में आईटीआई केंद्र की स्थापना होने से सीमांत क्षेत्र के युवाओं को अपने घर के नजदीक तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। इससे युवाओं के कौशल में वृद्धि के साथ रोजगार के नए रास्ते भी खुल सकते हैं।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र लंबे समय से इस सुविधा की मांग कर रहा है। यदि भटवाड़ी में आईटीआई केंद्र स्थापित होता है तो आसपास के गांवों के युवाओं को सबसे अधिक लाभ मिलेगा। क्षेत्रवासियों को अब उम्मीद है कि शासन स्तर पर जल्द आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।
मंत्री के आश्वासन और अधिकारियों को दिए गए निर्देशों के बाद भटवाड़ी क्षेत्र में आईटीआई केंद्र खुलने की संभावना को लेकर स्थानीय लोगों और युवाओं में उम्मीद बढ़ी है।