भारत को मिले दो रजत और एक कांस्य, अमेरिका ने पदक तालिका में मारी बाजी

ओरेगन। विश्व एथलेटिक्स अंडर-20 चैंपियनशिप 2026 में भारत का अभियान तीन पदकों के साथ समाप्त हुआ। भारतीय दल पदक तालिका में 27वें स्थान पर रहा। प्रतियोगिता के अंतिम दिन भारत की झोली में कोई नया पदक नहीं आया। भारत ने इस चैंपियनशिप में दो रजत और एक कांस्य पदक हासिल किया।

भारत के लिए भाला फेंक स्पर्धा में आशीष यादव ने रजत पदक जीतकर अभियान की शुरुआत की। इसके बाद बसंत कुमार मेघवाल ने पुरुषों की ऊंची कूद में रजत पदक अपने नाम किया। शाहनवाज खान ने पुरुषों की लंबी कूद में कांस्य पदक जीतकर भारत की पदक संख्या तीन तक पहुंचाई।

बसंत कुमार मेघवाल की उपलब्धि इसलिए भी खास रही क्योंकि वह विश्व अंडर-20 चैंपियनशिप की पुरुषों की ऊंची कूद में भारत को पदक दिलाने वाले पहले एथलीट बने। वहीं, शाहनवाज खान ने पुरुषों की लंबी कूद में पदक जीतकर नया इतिहास रचा। वह इस स्पर्धा में विश्व अंडर-20 चैंपियनशिप का पदक जीतने वाले पहले भारतीय पुरुष एथलीट बन गए।

पदक तालिका में अमेरिका का दबदबा रहा। अमेरिकी खिलाड़ियों ने कुल 18 पदक जीते, जिनमें 12 स्वर्ण, सात रजत और पांच कांस्य पदक शामिल रहे। इस प्रदर्शन के साथ अमेरिका तालिका में शीर्ष पर रहा।

केन्या ने चार स्वर्ण, तीन रजत और चार कांस्य समेत कुल 11 पदक जीतकर दूसरा स्थान हासिल किया। इटली तीन स्वर्ण और दो कांस्य सहित पांच पदकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा। जमैका ने दो स्वर्ण, तीन रजत और तीन कांस्य समेत आठ पदक जीते और चौथे स्थान पर रहा।

ऑस्ट्रेलिया और इथियोपिया ने छह-छह पदक जीतकर संयुक्त रूप से पांचवां स्थान हासिल किया। फ्रांस छह पदकों के साथ सातवें, चीन पांच पदकों के साथ आठवें और चेकिया चार पदकों के साथ नौवें स्थान पर रहा।

भारत भले ही पदक तालिका में शीर्ष स्थानों पर नहीं पहुंच सका, लेकिन बसंत कुमार मेघवाल और शाहनवाज खान की ऐतिहासिक उपलब्धियां भारतीय एथलेटिक्स के लिए सकारात्मक संकेत मानी जा रही हैं।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.