उत्तराखंड में 9.87 लाख पेंशनधारकों को बड़ा तोहफा, खातों में पहुंची ₹146 करोड़ की राशि

देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने जुलाई 2026 की विभिन्न पेंशन योजनाओं की राशि लाभार्थियों के खातों में भेज दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में समाज कल्याण विभाग के तहत 9 लाख 87 हजार 17 पेंशन लाभार्थियों को कुल 146 करोड़ 32 लाख 50 हजार रुपये की राशि का डीबीटी के माध्यम से भुगतान किया। राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में ट्रांसफर की गई।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। पेंशन राशि का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से सीधे खातों में हस्तांतरण किया जा रहा है, ताकि पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

उन्होंने कहा कि समाज का कमजोर वर्ग सरकार के परिवार का हिस्सा है। सरकार का प्रयास है कि बुजुर्गों, विधवाओं और दिव्यांगजनों को उनकी पेंशन के लिए परेशानी न उठानी पड़े। प्रत्येक पात्र नागरिक को सम्मानपूर्वक और समय पर उसका अधिकार उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने बताया कि जुलाई माह की पेंशन किश्त का भुगतान विभिन्न योजनाओं के 9,87,017 लाभार्थियों को किया गया है। इसके लिए कुल 146.32 करोड़ रुपये की धनराशि वितरित की गई।

आंकड़ों के अनुसार, वृद्धावस्था पेंशन के 6,15,628 लाभार्थियों को 1,500 रुपये प्रतिमाह की दर से 92.34 करोड़ रुपये मिले। विधवा पेंशन के 2,36,983 लाभार्थियों को 35.54 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया। दिव्यांग पेंशन के 89,128 लाभार्थियों को 13.36 करोड़ रुपये की राशि दी गई।

इसी तरह किसान पेंशन के 27,288 लाभार्थियों को 3.2 करोड़ रुपये और परित्यक्ता पेंशन के 8,284 लाभार्थियों को 99.408 लाख रुपये वितरित किए गए। भरण-पोषण अनुदान के 7,383 लाभार्थियों को 51.68 लाख रुपये, तीलू रौतेली पेंशन के 2,196 लाभार्थियों को 26.35 लाख रुपये और बौना पेंशन के 127 लाभार्थियों को 1.524 लाख रुपये दिए गए।

सरकार के मुताबिक, डीबीटी व्यवस्था से पेंशन वितरण में पारदर्शिता बढ़ी है और लाभार्थियों को सीधे उनके बैंक खातों में समय पर राशि मिल रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.