मसूरी को विकास की सौगात, 17.80 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मसूरी विधानसभा क्षेत्र के पुरुकुल में करीब 17 करोड़ 80 लाख रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष स्वर्गीय दीपक पुंडीर की स्मृति में नवनिर्मित सामुदायिक भवन का भी लोकार्पण किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बिना रुके और बिना थके अपने हर वादे को पूरा करने की दिशा में लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि मसूरी प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है। जब भी उत्तराखंड में पर्यटन या वेडिंग डेस्टिनेशन की बात होती है, तो पहाड़ों की रानी मसूरी का नाम प्रमुखता से लिया जाता है। यहां की प्राकृतिक सुंदरता और शांत वातावरण देश-दुनिया के पर्यटकों को आकर्षित करता है।

उन्होंने कहा कि मसूरी आने वाले पर्यटकों से स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलती है। इसी को देखते हुए सरकार मसूरी के समग्र विकास पर विशेष ध्यान दे रही है। पुरुकुल में सैन्य धाम का निर्माण किया जा रहा है, जबकि मसूरी रोपवे के लोअर टर्मिनल तक करीब 13 किलोमीटर लंबी मुख्य सड़क के उच्चीकरण का काम भी चल रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत गंगोल-पंडितवाड़ी पेयजल योजना के माध्यम से क्षेत्र के कई गांवों तक शुद्ध पेयजल पहुंचाया गया है। वहीं, विधानसभा क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए मालदेवता लाल पुल से सिल्ला-मोलधार होते हुए सुआखोली तक के मार्ग का सीआरएफ योजना के तहत सुदृढ़ीकरण किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत रिखोली के सोलाह गांव में विद्युतीकरण का काम पूरा हो चुका है। इसके अलावा बाढ़ और जलभराव से सुरक्षा के लिए सहस्रधारा में बाल्दी नदी के दोनों किनारों पर करीब 1.5 किलोमीटर क्षेत्र में सुरक्षा कार्य कराए जा रहे हैं। न्यू कैंट रोड क्षेत्र में भी बाढ़ सुरक्षा से जुड़े कार्य किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में दायित्वधारी ज्योति कोटिया, शमशेर सिंह बिष्ट, एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी, भाजपा नेता वीर सिंह चौहान, नेहा जोशी, सीमा पुंडीर और लक्ष्मण सिंह रावत समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.