भारत दौरे के लिए ऑस्ट्रेलिया-ए टीम घोषित, दो स्टार तेज गेंदबाजों की वापसी

नई दिल्ली। भारत दौरे पर आने वाली ऑस्ट्रेलिया-ए महिला क्रिकेट टीम का ऐलान कर दिया गया है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने 15 सदस्यीय टीम की घोषणा की है, जिसमें अनुभवी तेज गेंदबाज टायला व्लेमिंक और डार्सी ब्राउन की वापसी हुई है। दोनों गेंदबाज भारत के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया-ए के तेज गेंदबाजी आक्रमण को मजबूती देंगी।

ऑस्ट्रेलिया-ए का भारत दौरा करीब तीन सप्ताह का होगा। इस दौरान दोनों टीमों के बीच तीन टी20, तीन वनडे और एक चार दिवसीय मुकाबला खेला जाएगा। टी20 सीरीज के तीनों मुकाबले न्यू चंडीगढ़ स्थित महाराजा यादविंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में होंगे। इसके बाद वनडे मुकाबले मोहाली के आईएस बिंद्रा स्टेडियम में खेले जाएंगे। चार दिवसीय मैच धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होगा।

इस दौरे से 27 वर्षीय टायला व्लेमिंक लंबे अंतराल के बाद प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी करेंगी। लगातार चोटों के कारण उनका करियर प्रभावित रहा है। उन्होंने अप्रैल में ग्रीन बनाम गोल्ड अभ्यास मैच से क्रिकेट में वापसी की थी। यह 2024 टी20 विश्व कप में कंधे की गंभीर चोट के बाद उनका पहला मुकाबला था। लगातार चोटों के कारण क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने इस साल अप्रैल में उनका केंद्रीय अनुबंध भी समाप्त कर दिया था।

दूसरी ओर, डार्सी ब्राउन को टी20 विश्व कप के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम में जगह नहीं मिल पाई थी। उनकी गैरमौजूदगी में बाएं हाथ की तेज गेंदबाज लूसी हैमिल्टन ने टीम में अपनी स्थिति मजबूत की। अब ऑस्ट्रेलिया-ए के साथ भारत दौरा ब्राउन के लिए राष्ट्रीय टीम में वापसी की दावेदारी मजबूत करने का अहम मौका होगा।

राष्ट्रीय चयनकर्ता शॉन फ्लेगलर ने दोनों खिलाड़ियों की वापसी पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि टायला और डार्सी के पास अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का अनुभव है और युवा खिलाड़ियों को उनसे काफी कुछ सीखने का मौका मिलेगा।

वनडे टीम की कप्तानी ताहलिया विल्सन करेंगी, जबकि निकोल फाल्टम टी20 और रेचल ट्रेनामैन चार दिवसीय मैच में टीम की अगुआई करेंगी। टीम में आधे से ज्यादा खिलाड़ी 25 वर्ष या उससे कम उम्र के हैं।

भारत दौरे का कार्यक्रम

  • 12 सितंबर: पहला टी20, न्यू चंडीगढ़
  • 15 सितंबर: दूसरा टी20, न्यू चंडीगढ़
  • 17 सितंबर: तीसरा टी20, न्यू चंडीगढ़
  • 20 सितंबर: पहला वनडे, मोहाली
  • 23 सितंबर: दूसरा वनडे, मोहाली
  • 25 सितंबर: तीसरा वनडे, मोहाली
  • 29 सितंबर-2 अक्टूबर: चार दिवसीय मैच, धर्मशाला

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.