After Header-1

जापान में फिर कांपी धरती, 5.8 तीव्रता के भूकंप से मचा हड़कंप; सुनामी का खतरा टला

टोक्यो। जापान में भूकंप का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। उत्तरी जापान के आओमोरी प्रांत में शनिवार को एक बार फिर भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी (JMA) के मुताबिक, स्थानीय समयानुसार सुबह 11:48 बजे प्रशांत तट के पास 5.8 तीव्रता का भूकंप आया। भूकंप का केंद्र समुद्र तल से करीब 80 किलोमीटर नीचे बताया गया है। राहत की बात यह रही कि भूकंप के बाद सुनामी की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई।

यह भूकंप ऐसे समय आया है जब जापान के एक अन्य हिस्से में कुछ दिन पहले आए शक्तिशाली भूकंप से स्थिति अभी सामान्य नहीं हुई है। मंगलवार को कुमामोटो प्रांत में 7.1 तीव्रता का भीषण भूकंप आया था। इसके बाद बुधवार सुबह तक 170 से ज्यादा आफ्टरशॉक दर्ज किए गए। इस आपदा में अब तक 35 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। हालांकि, इनमें से नौ मौतों का भूकंप से सीधा संबंध होने की अभी जांच की जा रही है।

भूकंप के कारण कई लोग घायल हुए हैं। इसके अलावा पुलों और इमारतों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। लगातार आ रहे झटकों ने स्थानीय प्रशासन और लोगों की चिंता बढ़ा दी है। राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है और प्रभावित इलाकों में नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने लोगों को अगले एक सप्ताह तक विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। अधिकारियों के मुताबिक अगले दो से तीन दिन बेहद संवेदनशील हो सकते हैं। इस दौरान शिंदो पैमाने पर तेज झटके आने की आशंका बनी हुई है। लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने और प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।

राहत और बचाव अभियान में जुटे कर्मचारियों के सामने एक और चुनौती भीषण गर्मी की है। विशेषज्ञों ने बचाव दलों से पर्याप्त आराम लेने और सावधानी बरतने की अपील की है, ताकि लगातार काम करने के दौरान हीट स्ट्रोक जैसी समस्याओं से बचा जा सके।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.