पलामू जिले के मेदिनीनगर में बुधवार रात कोयल नदी किनारे स्थित शिवाला घाट के पास हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से पूरे शहर में सनसनी फैल गई। घटना में तीन युवकों को गोली लगी, जबकि तीन से चार अन्य युवक बाल-बाल बच गए। घायल दो युवकों को गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि तीसरे घायल का इलाज कहां चल रहा है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
घायलों की पहचान शास्त्री नगर (भट्ठी मोहल्ला) निवासी 18 वर्षीय दिनेश कुमार, 25 वर्षीय निखिल कुमार और चैनपुर निवासी 20 वर्षीय प्रकाश कुमार के रूप में हुई है। दिनेश के पेट में, निखिल के कमर और बांह में तथा प्रकाश के हाथ में गोली लगी है। चिकित्सकों की निगरानी में दोनों घायलों का इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार रात करीब 8:40 बजे शिवाला घाट पर आधा दर्जन से अधिक युवक बैठे थे। इसी दौरान पांच से छह हथियारबंद युवक वहां पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए अचानक फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और जान बचाने के लिए युवक इधर-उधर भागने लगे। इसी दौरान तीन युवक गोलियों की चपेट में आ गए। प्रारंभिक जांच में घटना को आपसी रंजिश से जुड़ा माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ चिरंजीव मंडल पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचे और घायलों से पूछताछ के साथ जांच शुरू की। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
गौरतलब है कि इसी दिन शाम को चैनपुर थाना क्षेत्र के काराकट बन्दूवा गांव में युवती के अपहरण की कोशिश के दौरान हुई गोलीबारी और चाकूबाजी में एक युवक की मौत हो गई थी। लगातार हो रही हिंसक घटनाओं ने पलामू में कानून-व्यवस्था को लेकर लोगों की चिंता बढ़ा दी है और ताजा फायरिंग के बाद स्थानीय लोगों में भय का माहौल है।