प्रयागराज में चला ‘ऑपरेशन दहन’, लाखों का गांजा जलाकर किया नष्ट

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ‘ऑपरेशन दहन’ के तहत 144.63 किलोग्राम अवैध गांजा नष्ट कर दिया। रविवार को कौंधियारा थाना पुलिस और नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एनटीएफ) की संयुक्त टीम ने उच्च स्तरीय समिति की निगरानी में 25 मामलों से बरामद गांजे को नियमानुसार अग्नि में जलाकर नष्ट किया। पुलिस के अनुसार, नष्ट किए गए गांजे की अंतरराष्ट्रीय अनुमानित कीमत करीब 72.31 लाख रुपये है।

पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चन्द्र यादव ने बताया कि यह कार्रवाई मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने और समाज को नशा मुक्त बनाने के अभियान का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि विभिन्न मामलों में जब्त किए गए मादक पदार्थों का कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद विनष्टीकरण किया गया। इस दौरान सभी आवश्यक नियमों और सुरक्षा मानकों का पालन किया गया।

पुलिस के मुताबिक, कौंधियारा थाने में दर्ज 25 मुकदमों से बरामद कुल 144.63 किलोग्राम गांजा को उच्च स्तरीय समिति की मौजूदगी में नष्ट किया गया। अधिकारियों ने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी स्तर पर अवैध कारोबार को बढ़ावा नहीं मिलने दिया जाएगा।

इस अभियान में प्रभारी नारकोटिक्स टास्क फोर्स उपनिरीक्षक सुरेश गिरि, थानाध्यक्ष कौंधियारा कुलदीप शर्मा, उपनिरीक्षक नरेश कुमार, मुख्य आरक्षी रोहित कुमार, मुख्य आरक्षी सुभाष यादव सहित पुलिस विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने पूरी प्रक्रिया को नियमानुसार संपन्न कराया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ‘ऑपरेशन दहन’ केवल मादक पदार्थों को नष्ट करने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य युवाओं को नशे की लत से बचाना और समाज में जागरूकता बढ़ाना भी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कहीं भी नशे के अवैध कारोबार की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.