उज्जैन। ओटीटी प्लेटफॉर्म पर हाल ही में रिलीज हुई चर्चित वेब सीरीज ‘रक्तांचल-3’ की स्टारकास्ट बुधवार तड़के विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंची और बाबा महाकाल के दरबार में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। अभिनेता निकितिन धीर, क्रांति प्रकाश झा और ‘पंचायत’ वेब सीरीज में ‘विकास’ के किरदार से लोकप्रिय हुए अभिनेता चंदन राय ने महाकाल मंदिर में होने वाली प्रसिद्ध भस्म आरती में शामिल होकर आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव किया।
दरअसल, वेब सीरीज के प्रमोशन के सिलसिले में कलाकारों की टीम इंदौर पहुंची थी। मंगलवार को मीडिया से बातचीत के बाद सभी कलाकार तड़के उज्जैन रवाना हुए और सुबह करीब चार बजे महाकाल मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने नंदी हॉल में बैठकर लगभग दो घंटे तक भस्म आरती के दिव्य दर्शन किए। मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल के बीच कलाकार पूरी श्रद्धा और आस्था के साथ पूजा-अर्चना में शामिल हुए।
भस्म आरती के बाद कलाकारों ने वैदिक विधि-विधान से नंदी महाराज का पूजन किया और परंपरा के अनुसार उनके कान में अपनी मनोकामनाएं भी कहीं। इसके बाद उन्होंने चांदी द्वार से भगवान महाकाल का जल और दूध से अभिषेक कर विशेष पूजा की। गर्भगृह में दर्शन करने के बाद मंदिर परिसर में स्थित अन्य देवी-देवताओं के भी दर्शन किए और देशवासियों की सुख-समृद्धि के साथ अपनी नई वेब सीरीज की सफलता की कामना की।
मंदिर दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में अभिनेता क्रांति प्रकाश झा भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि बाबा महाकाल के दरबार में आकर जो आध्यात्मिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा मिली है, उसे शब्दों में बयां करना संभव नहीं है। वहीं निकितिन धीर और चंदन राय ने भी महाकाल की नगरी में भस्म आरती का हिस्सा बनने को अपने जीवन का यादगार अनुभव बताया। कलाकारों ने कहा कि उज्जैन आकर बाबा महाकाल का आशीर्वाद प्राप्त करना उनके लिए सौभाग्य की बात है और यह पल हमेशा उनकी स्मृतियों में रहेगा।