दुबई। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने महिला एशिया कप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए हांगकांग को 137 रन से करारी शिकस्त दी। इस जीत की सबसे बड़ी नायिका सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना रहीं, जिन्होंने तूफानी अंदाज में शतक जड़ते हुए कई रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए। इस शानदार जीत के साथ भारतीय टीम ने टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 193 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। स्मृति मंधाना ने महज 64 गेंदों में 14 चौकों और सात छक्कों की मदद से 124 रन की विस्फोटक पारी खेली। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने हांगकांग के गेंदबाजों को शुरुआत से ही दबाव में रखा। शेफाली वर्मा ने भी 17 गेंदों में 28 रन बनाकर मंधाना का अच्छा साथ दिया। प्रतिका रावल ने 10, ऋचा घोष ने 11 और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 10 रन बनाए।
194 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हांगकांग की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने पूरी तरह बेबस नजर आई। पूरी टीम 16.2 ओवर में महज 56 रन पर सिमट गई। दीप्ति शर्मा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट हासिल किए। नंदिनी शर्मा, श्री चरणी और प्रेमा रावत ने भी दो-दो विकेट लेकर हांगकांग की पारी को ज्यादा आगे नहीं बढ़ने दिया।
मंधाना की शतकीय पारी ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक और बड़ी उपलब्धि दिलाई। यह उनका अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 18वां शतक था। इसके साथ उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की पूर्व दिग्गज बल्लेबाज मेग लैनिंग के 17 शतकों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। अब मंधाना महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाली बल्लेबाज बन गई हैं।
इसके अलावा मंधाना ने पूर्व भारतीय कप्तान मिताली राज को पीछे छोड़ते हुए महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। मंधाना के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कुल रन 10,880 हो गए हैं, जबकि मिताली राज के नाम 10,868 रन दर्ज हैं।
भारत की इस एकतरफा जीत ने टीम का आत्मविश्वास और बढ़ा दिया है। अब भारतीय टीम की नजरें एशिया कप के खिताब पर हैं।