सीएम धामी से मिले अशोक वर्मा, कलजीखाल की जनसमस्याओं पर सौंपी अहम रिपोर्ट

राज्य पिछड़ा वर्ग कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष अशोक वर्मा ने मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट कर पौड़ी जनपद के विकासखंड कलजीखाल में आयोजित जनसेवा शिविर से जुड़ी जनसमस्याओं और विकास कार्यों की विस्तृत रिपोर्ट उन्हें सौंपी। इस दौरान दोनों के बीच प्रदेश के विकास, जनकल्याण और पिछड़ा वर्ग के उत्थान से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।

अशोक वर्मा ने मुख्यमंत्री को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन की जानकारी देते हुए बताया कि राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंच रहा है। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों से प्राप्त जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों के सुझावों तथा समस्याओं से भी मुख्यमंत्री को अवगत कराया।

भेंट के दौरान वर्मा ने मुख्यमंत्री के निर्देशन में संचालित ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण – जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत विकासखंड कलजीखाल सभागार में आयोजित बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं। शिविर के दौरान विभिन्न विभागों की ओर से मौके पर ही कई शिकायतों का समाधान भी किया गया।

उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में क्षेत्र की विभिन्न प्रतिभाओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। साथ ही स्थानीय नागरिकों ने सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। इन सभी जनसमस्याओं और सुझावों का संकलन कर विस्तृत रिपोर्ट मुख्यमंत्री को सौंपी गई है, ताकि संबंधित विभागों के माध्यम से उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

मुख्यमंत्री धामी ने जनसेवा शिविरों के माध्यम से लोगों की समस्याओं को सीधे सरकार तक पहुंचाने के प्रयासों की सराहना की और जनहित से जुड़े मामलों के त्वरित समाधान के लिए अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की आवश्यकता पर बल दिया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.