रुद्रपुर। शहर के मुख्य बाजार क्षेत्र में वर्षों से बनी जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में नगर निगम ने कदम तेज कर दिए हैं। महापौर विकास शर्मा ने सोमवार को क्षेत्रीय पार्षद चिराग कालरा, स्थानीय व्यापारियों तथा नगर निगम के अधिकारियों के साथ मुख्य बाजार का स्थलीय निरीक्षण कर जल निकासी व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बरसात के मौसम को देखते हुए जलभराव से तत्काल राहत दिलाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। साथ ही नाला निर्माण परियोजना के कार्य में तेजी लाकर लोगों को जल्द राहत उपलब्ध कराई जाए।
महापौर विकास शर्मा ने बताया कि स्वीकृत योजना के तहत नाले के शेष हिस्से में पाइपलाइन बिछाई जाएगी। इसके पूरा होने के बाद बरसाती पानी की निकासी पहले की तुलना में अधिक सुचारु होगी और मुख्य बाजार में लंबे समय से चली आ रही जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान संभव हो सकेगा।
उन्होंने बताया कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए करीब 16.50 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है। जल्द ही इसका टेंडर जारी कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। महापौर ने स्थानीय व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का समाधान नगर निगम की प्राथमिकताओं में शामिल है और विकास कार्यों में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।
निरीक्षण के दौरान राजू नबियाल, बीएस डांगी, शिवम चौहान, एसआई कुलदीप, एसआई आशीष शर्मा, जेई हेमंत सिंह, पार्षद चिराग कालरा, पवन राणा, विष्णु सहित बड़ी संख्या में स्थानीय व्यापारी और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।