19 करोड़ का पुल बदलेगा तस्वीर, मंत्री ने किया बड़ा ऐलान

शांतिपुरी। उधम सिंह नगर के शांतिपुरी क्षेत्र में सोमवार को धार्मिक आस्था और विकास कार्यों का संगम देखने को मिला। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने प्राचीन शिव मंदिर परिसर में पांच लाख रुपये की लागत से निर्मित टीन शेड का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के लिए कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि गौला नदी पर बनने वाला लगभग 19 करोड़ रुपये का पुल स्थानीय लोगों के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने कैबिनेट मंत्री का माल्यार्पण और पुष्पगुच्छ भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद मंत्री ने भगवान शिव के दर्शन कर प्रदेश और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। लोकार्पण के पश्चात उन्होंने मंदिर परिसर में मौजूद लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर उनका समाधान सुनिश्चित कराने का भरोसा दिलाया।

सौरभ बहुगुणा ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि गौला नदी पर बनने वाला पुल केवल आवागमन को आसान नहीं बनाएगा, बल्कि व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में भी नए अवसर उपलब्ध कराएगा। इससे क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी और स्थानीय लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आएगा।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य गांवों तक विकास की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है, ताकि लोगों को बेहतर सड़क, पुल और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। सरकार इसी दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।

कार्यक्रम में हज कमेटी के अध्यक्ष खतीब अहमद, उधम सिंह नगर कोऑपरेटिव बैंक के प्रतिनिधि गोपाल रावत, भाजपा बरा मंडल महामंत्री बहादुर मेहता, भाजयुमो अध्यक्ष दीपक मेहता, उपाध्यक्ष मोनू बिष्ट, आकाश मेहता, कुंदन दानू, तरुण तिवारी, ग्राम प्रधान शांतिपुरी नंबर-2 कविता तिवारी, पूर्व प्रधान शांतिपुरी नंबर-4 घनानंद तिवारी, मयंक अग्रवाल, राघव सिंह, देबू मंडल, टीका नेगी, पंकज जोशी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.