टीवी अभिनेता रोहित चंदेल गिरफ्तार, नाबालिग से छेड़छाड़ के आरोप से मचा हड़कंप

टीवी धारावाहिक ‘पांड्या स्टोर’ से लोकप्रिय हुए अभिनेता रोहित चंदेल को मुंबई पुलिस ने 16 वर्षीय नाबालिग लड़की से कथित छेड़छाड़, पीछा करने और मारपीट के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ पॉक्सो (POCSO) अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, रोहित चंदेल को 10 जुलाई को मुंबई के दहिसर स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया गया। इसके बाद उन्हें विशेष अदालत में पेश किया गया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि अभिनेता पिछले कुछ समय से नाबालिग लड़की को उसके निजी और अन्य मोबाइल नंबरों पर लगातार फोन कर परेशान कर रहे थे।

एफआईआर के मुताबिक, 5 जुलाई को आरोपी कथित तौर पर पीड़िता के घर के पास पहुंचे, जहां उन्होंने उसका पीछा किया, उसके साथ गाली-गलौज की और मारपीट भी की। इन आरोपों के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 78 (पीछा करना) और धारा 115(2) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना) के साथ पॉक्सो अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।

जांच के दौरान पुलिस को यह भी पता चला है कि आरोपी और पीड़िता पहले से एक-दूसरे को जानते थे। हालांकि, दोनों के बीच संबंधों की प्रकृति को लेकर पुलिस ने फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर की जाएगी।

अब तक इस मामले में अभिनेता रोहित चंदेल या उनकी टीम की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

रोहित चंदेल ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत वर्ष 2014 में टीवी शो ‘हर मुश्किल का हल अकबर बीरबल’ से की थी। इसके बाद उन्होंने ‘काशीबाई बाजीराव बल्लाल’, ‘पांड्या स्टोर’ और ‘सैराब’ जैसे टीवी धारावाहिकों में काम किया। ‘पांड्या स्टोर’ में धवल मकवाना के किरदार से उन्हें व्यापक पहचान मिली थी।

नोट: यह मामला फिलहाल जांच के अधीन है। आरोपी पर लगे आरोपों की पुष्टि अदालत की प्रक्रिया और जांच पूरी होने के बाद ही होगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.