After Header-1

‘मैं नरेंद्र मोदी का बड़ा प्रशंसक हूं’, इंडोनेशिया के राष्ट्रपति के बयान ने खींचा दुनिया का ध्यान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इंडोनेशिया यात्रा के दौरान दोनों देशों के संबंधों में नई मजबूती देखने को मिली। जकार्ता में आयोजित एक कार्यक्रम में इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने प्रधानमंत्री मोदी और भारतीय संस्कृति की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि वह भारत की राजनीति पर टिप्पणी नहीं करना चाहते, लेकिन व्यक्तिगत रूप से नरेंद्र मोदी के बड़े प्रशंसक हैं। उनके इस बयान पर कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने तालियां बजाईं, जबकि प्रधानमंत्री मोदी ने हाथ जोड़कर उनका अभिवादन स्वीकार किया।

राष्ट्रपति सुबियांतो ने कहा कि भारत और इंडोनेशिया के रिश्ते केवल कूटनीतिक नहीं, बल्कि सदियों पुरानी सांस्कृतिक विरासत पर आधारित हैं। उन्होंने अपने देशवासियों से भारत के विकास और अनुभवों से सीखने की अपील करते हुए कहा कि इंडोनेशिया की संस्कृति और सभ्यता पर भारत का गहरा प्रभाव रहा है। उन्होंने बताया कि इंडोनेशियाई भाषा के लगभग 50 प्रतिशत शब्द संस्कृत से जुड़े हैं और देश में प्रचलित कई नाम भी संस्कृत मूल के हैं, जो दोनों देशों की ऐतिहासिक निकटता को दर्शाते हैं।

उन्होंने वर्ष 2025 में भारत के गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने को अपने राजनीतिक जीवन का बड़ा सम्मान बताया। यह अवसर उन्हें राष्ट्रपति पद संभालने के महज तीन महीने बाद मिला था।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी राष्ट्रपति सुबियांतो की भावनाओं का जवाब देते हुए कहा कि भारतीय डीएनए को लेकर उनकी टिप्पणी ने देशवासियों का दिल जीत लिया है। उन्होंने कहा कि भारत और इंडोनेशिया के रिश्तों का आधार साझा विरासत, आपसी विश्वास और ऐतिहासिक स्मृतियां हैं, जो दोनों देशों को स्वाभाविक साझेदार बनाती हैं।

प्रधानमंत्री मोदी की तीन देशों की विदेश यात्रा का यह पहला पड़ाव है। इसके बाद वह ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की यात्रा करेंगे। इस दौरान भारत और इंडोनेशिया के बीच कई महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर हुए। रक्षा सहयोग के क्षेत्र में ब्रह्मोस मिसाइल से जुड़ा समझौता दोनों देशों के रणनीतिक संबंधों को नई मजबूती देने वाला महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.