चंपावत को 66 करोड़ से अधिक की बड़ी सौगात, मुख्यमंत्री धामी ने रखी विकास की नई नींव

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को चंपावत जिले के बूमघाट में बाढ़ सुरक्षा से जुड़ी दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं का भूमि पूजन और शिलान्यास किया। इनमें 60.21 करोड़ रुपये की लागत से बूम से टनकपुर तक शारदा नदी के किनारे बाढ़ सुरक्षा तटबंध का निर्माण तथा 5.74 करोड़ रुपये की लागत से पूर्णागिरि तहसील के छीनीगोठ गांव की सुरक्षा के लिए हुड्डी नदी पर सुरक्षात्मक दीवार का निर्माण शामिल है।

कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने शारदा नदी पर चल रहे निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा में परियोजनाएं पूरी करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम स्थल पर उनका पारंपरिक टीका, कुमाऊँनी टोपी, पुष्पवर्षा और छोलिया नृत्य के साथ भव्य स्वागत किया गया।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि शारदा तटबंध केवल एक निर्माण परियोजना नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य और क्षेत्र के समग्र विकास की मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि शारदा नदी लाखों लोगों की आजीविका का आधार है और इसके संरक्षण के साथ क्षेत्र का विकास भी सरकार की प्राथमिकता है।

सेवा पखवाड़ा अभियान के तहत लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने महिला स्वयं सहायता समूह के स्टॉल पर महिलाओं के साथ पारंपरिक तरीके से रोटी और चटनी भी बनाई। इसके अलावा स्वास्थ्य शिविर में निक्षय योजना के तहत पांच लाभार्थियों को पोषण किट वितरित की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लगभग 3300 करोड़ रुपये की लागत से विकसित हो रही शारदा कॉरिडोर परियोजना चंपावत को धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान देगी। उन्होंने बताया कि टनकपुर में आधुनिक आईएसबीटी, मीडिया सेंटर, महिला स्पोर्ट्स कॉलेज, साइंस सेंटर और अन्य विकास परियोजनाओं पर भी तेजी से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ये सभी योजनाएं विकसित चंपावत, सुरक्षित भविष्य और समृद्ध उत्तराखंड की मजबूत आधारशिला साबित होंगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.