रायपुर फायरिंग का 24 घंटे में खुलासा, शादी में शुरू हुई रंजिश ने लिया खूनी रूप

रायपुर क्षेत्र में हुई फायरिंग की सनसनीखेज घटना का दून पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि वारदात के पीछे बिजनौर में एक शादी समारोह के दौरान हुआ पुराना विवाद और उसी से जुड़ी आपसी रंजिश मुख्य वजह थी। मामले का मुख्य आरोपी और उसके कुछ साथी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

रविवार को एसएसपी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी देहात जया बलूनी ने मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 4 जुलाई को बंजारावाला निवासी दिवाकर खंडूड़ी ने रायपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, 3 जुलाई की रात करीब नौ बजे वह अपने दोस्तों नवीन राणा और रोहन कुमार के साथ रिंग रोड स्थित शराब के ठेके के बाहर खड़ा था। इसी दौरान 3-4 युवक वहां पहुंचे और पिस्टल से दो राउंड फायरिंग कर दी।

फायरिंग में नवीन राणा के कंधे में गोली लगी, जबकि वहां से गुजर रहे कमेंद्र शर्मा के पैर में गोली लग गई। दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर पांच पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की।

जांच में पता चला कि घायल कमेंद्र शर्मा और मुख्य आरोपी अक्षय प्रधान के बीच बिजनौर में एक शादी समारोह के दौरान विवाद हुआ था। उसी विवाद की रंजिश बाद में फायरिंग की घटना में बदल गई।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए थानो रोड स्थित सोढ़ा सरोली क्षेत्र से अरुण कुमार उर्फ छोटू, सन्नी कुमार और आदर्श सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में तीनों ने घटना में अपनी भूमिका स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी अक्षय प्रधान और उसके अन्य साथियों की तलाश जारी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.