सेवा पखवाड़े में एकेश्वर को मिली बड़ी सौगात, मंत्री सतपाल महाराज ने किए कई अहम ऐलान

उत्तराखंड सरकार के “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” सेवा पखवाड़ा अभियान के दूसरे चरण के तहत कैबिनेट मंत्री एवं चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने रविवार को अपने विधानसभा क्षेत्र एकेश्वर का व्यापक दौरा किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें कीं, जनसंपर्क अभियान चलाया और क्षेत्रवासियों की समस्याएं भी सुनीं। साथ ही विकास कार्यों की कई महत्वपूर्ण सौगातें भी क्षेत्र को दीं।

अपने दौरे के दौरान सतपाल महाराज ने मज्याडी, अमुली, ग्वाडमल्ला और पणखेत सहित विभिन्न स्थानों पर आयोजित भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन और संगठनात्मक बैठकों में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसी सोच के तहत पूरे राज्य में सेवा पखवाड़ा अभियान संचालित किया जा रहा है।

कैबिनेट मंत्री ने विकासखंड एकेश्वर में करीब 55 लाख रुपये की लागत से बनने वाले 1.8 किलोमीटर लंबे मज्याडी-गोची गांव-पिलखेत मोटर मार्ग (द्वितीय चरण) का शिलान्यास किया। इसके अलावा 20 लाख रुपये की लागत से विकासखंड मुख्यालय में बनने वाले टाइप-2 भवन के निर्माण कार्य की भी आधारशिला रखी।

सतपाल महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में तेजी से विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सतपुली और स्यूंसी झील परियोजनाएं चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होंगी। इसके साथ ही सड़क निर्माण, पंचायत भवनों के निर्माण और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से ग्रामीण क्षेत्रों का विकास लगातार आगे बढ़ रहा है।

कार्यक्रम में भाजपा युवा नेता सुयश रावत, जिलाध्यक्ष कमल किशोर, जिला मंत्री बृजमोहन, मंडल अध्यक्ष राकेश नैथानी, महामंत्री सुनील, वेद प्रकाश वर्मा, विधायक प्रतिनिधि देवेंद्र भट्ट सहित भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.