दिल्ली में फिर बदलेगा मौसम, IMD ने अगले 48 घंटे के लिए जारी किया बड़ा अपडेट

देश के कई हिस्सों में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। शनिवार को दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में हुई हल्की बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अनुमान जताया है कि दिल्ली समेत देश के कई राज्यों में अगले दो से तीन दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है।

आईएमडी के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में रविवार और सोमवार को भी बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे तापमान सामान्य के आसपास बना रहेगा और मौसम सुहावना रहेगा।

मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय है। इसके प्रभाव से मध्य भारत में अगले चार से पांच दिनों तक मानसून सक्रिय रहेगा। यही वजह है कि कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना जताई गई है।

आईएमडी के मुताबिक कोंकण, गुजरात और महाराष्ट्र के कई इलाकों में अगले दो से तीन दिनों तक भारी बारिश हो सकती है। वहीं सौराष्ट्र और ओडिशा के कुछ हिस्सों में अगले 24 घंटों के दौरान तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा उत्तर अरब सागर, गुजरात, हरियाणा और पंजाब के शेष हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।

उत्तर भारत की बात करें तो हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ और दिल्ली सहित कई राज्यों में 4 से 10 जुलाई के बीच अलग-अलग स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। वहीं मध्य, पूर्वी, पूर्वोत्तर, पश्चिमी और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में भी अगले छह दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। इनमें कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की भी चेतावनी दी गई है।

इसके अलावा पश्चिम बंगाल, सिक्किम, तमिलनाडु, तेलंगाना, कर्नाटक और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में तेज हवाएं चलने का अनुमान है। मौसम विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश, असम, मेघालय और पूर्वोत्तर के कुछ राज्यों में गर्म और उमस भरे मौसम की भी संभावना जताई है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.