देहरादून। उत्तराखंड के श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में सड़क संपर्क को और मजबूत बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत खिर्सू, पाबों और थलीसैण विकासखंडों में 23 नए मोटरमार्गों का निर्माण किया जाएगा। इन परियोजनाओं का उद्देश्य दूरस्थ गांवों तक बेहतर सड़क सुविधा पहुंचाना और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को नई गति देना है।
बुधवार को अपने शासकीय आवास पर आयोजित समीक्षा बैठक में डॉ. रावत ने उत्तराखंड ग्रामीण सड़क विकास एजेंसी (यूआरआरडीए) और पीएमजीएसवाई के अधिकारियों के साथ विभिन्न सड़क परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में नए मोटरमार्गों के निर्माण, मौजूदा सड़कों के डामरीकरण, नई सड़क परियोजनाओं के सर्वेक्षण और आपदा से क्षतिग्रस्त मार्गों के पुनर्निर्माण पर विस्तार से चर्चा हुई।
कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रस्तावित सभी 23 मोटरमार्गों के निर्माण से जुड़ी प्रक्रियाएं तय समयसीमा में पूरी की जाएं और कार्यों में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र के अनेक गांव पहली बार बेहतर सड़क नेटवर्क से जुड़ेंगे, जिससे आवागमन आसान होगा और शिक्षा, स्वास्थ्य तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं तक लोगों की पहुंच बेहतर बनेगी।
डॉ. धन सिंह रावत ने आपदा से क्षतिग्रस्त सड़कों के पुनर्निर्माण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि बारिश और प्राकृतिक आपदाओं के कारण प्रभावित मार्गों को युद्धस्तर पर दुरुस्त किया जाए, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक में अधिकारियों ने जानकारी दी कि श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के 25 मोटरमार्ग पहले ही लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित किए जा चुके हैं। इसके अलावा निर्माणाधीन परियोजनाओं और नई सड़क योजनाओं का सर्वेक्षण भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा। डॉ. रावत ने कहा कि मजबूत सड़क नेटवर्क से क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा तथा ग्रामीण विकास को नई दिशा मिलेगी।