रक्षाबंधन पर बहनों के बीच पहुंचे सीएम धामी, बोले- मुख्यमंत्री नहीं भाई बनकर आया हूं

देहरादून। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को देहरादून में आयोजित दो कार्यक्रमों में प्रदेश की मातृशक्ति के बीच पहुंचे। जीएमएस रोड स्थित चौधरी फार्म और हाथीबड़कला स्थित सर्वे स्टेडियम में आयोजित समारोहों में बड़ी संख्या में महिलाओं ने मुख्यमंत्री को राखी बांधी और उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। मुख्यमंत्री ने भी सभी बहनों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्नेह और आशीर्वाद के प्रति आभार जताया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि वह इन कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री के रूप में नहीं, बल्कि एक भाई के रूप में अपनी बहनों के बीच पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति से मिलने वाला स्नेह और विश्वास उन्हें प्रदेश की जनता की सेवा के लिए निरंतर प्रेरित करता है। उन्होंने रक्षाबंधन को केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं, बल्कि विश्वास, समर्पण, सुरक्षा और जिम्मेदारी का प्रतीक बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पर्व समाज में नारी सम्मान के महत्व का भी संदेश देता है।

महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना और लखपति दीदी अभियान के माध्यम से महिलाओं के जीवन को बेहतर बनाने और उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत करने का प्रयास किया गया है।

उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में भी महिलाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ने के लिए उत्तराखंड राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, सशक्त बहना उत्सव, मुख्यमंत्री महिला स्वयं सहायता समूह सशक्तिकरण योजना और मुख्यमंत्री उद्यमशाला जैसी पहलें चल रही हैं। प्रदेश में करीब 5 लाख महिलाएं 70 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।

34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी

मुख्यमंत्री ने रोजगार को परिवारों की खुशहाली से जोड़ते हुए कहा कि सरकार ने युवाओं की चिंता को समझते हुए अपने पांच वर्ष के कार्यकाल में 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य महिलाओं और युवाओं को शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार और उद्यमिता के समान अवसर उपलब्ध कराकर उत्तराखंड को मजबूत बनाना है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.