After Header-1

20 हजार बहनों ने बांधी गणेश जोशी को राखी, सीएम धामी बोले- जनसेवा का मिला बड़ा प्रमाण

देहरादून। हाथीबड़कला स्थित सर्वे स्टेडियम रविवार को रक्षाबंधन के अवसर पर आयोजित भव्य समारोह का गवाह बना। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी की ओर से आयोजित कार्यक्रम में करीब 20 हजार बहनों और मातृशक्ति ने उनकी कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा और उनके सुख, समृद्धि एवं दीर्घायु की कामना की। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया राहटकर और भाजपा संसदीय बोर्ड एवं केंद्रीय चुनाव समिति की सदस्य सुधा यादव भी मौजूद रहीं।

समारोह में वीर नारियों की विशेष उपस्थिति रही। गढ़वाली, कुमाऊंनी और नेपाली संस्कृति पर आधारित प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को और खास बना दिया। विजया राहटकर ने भी गणेश जोशी को राखी बांधी, जबकि गणेश जोशी की पत्नी निर्मला जोशी और भाजपा प्रदेश मंत्री नेहा जोशी ने मुख्यमंत्री धामी की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि करीब 20 हजार बहनों का गणेश जोशी के प्रति स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद उनकी जनसेवा का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं, बल्कि विश्वास, समर्पण और सुरक्षा के संकल्प का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।

महिला सशक्तिकरण पर जोर

राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया राहटकर ने कहा कि रक्षाबंधन का रक्षा सूत्र महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता का भी संदेश देता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की बेटियां लखपति दीदी और ड्रोन दीदी बनकर नई ऊंचाइयां हासिल कर रही हैं।

भाजपा नेता सुधा यादव ने कहा कि हजारों बहनों की मौजूदगी गणेश जोशी के प्रति उनके विश्वास को दर्शाती है। उन्होंने उनके सैनिक और सामाजिक सेवा के कार्यों की सराहना की।

गणेश जोशी ने कहा कि रक्षाबंधन उनके लिए बेहद भावनात्मक पर्व है। उन्होंने कहा कि इस दिन वह खुद को मंत्री से अधिक एक भाई और परिवार के जिम्मेदार सदस्य के रूप में महसूस करते हैं। उन्होंने कहा कि मसूरी विधानसभा क्षेत्र की बहनों का स्नेह उनकी सबसे बड़ी ताकत है और उनका प्रयास रहेगा कि रक्षा सूत्र केवल प्रतीक न रहे, बल्कि बहनों की सुरक्षा और सम्मान का वास्तविक संकल्प बने।

Leave A Reply

Your email address will not be published.