रुड़की में सीएम धामी ने सुना पीएम मोदी का ‘मन की बात’, विकसित भारत को लेकर दिया बड़ा संदेश

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को रुड़की में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 135वें संस्करण को सुना। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का यह कार्यक्रम जनभागीदारी को मजबूत बनाने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रभावी माध्यम बन चुका है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के माध्यम से देशभर में हो रहे प्रेरणादायी कार्यों को सामने लाकर लोगों को राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया जाता है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में पर्यावरण संरक्षण, सांस्कृतिक विरासत के संवर्धन, नवाचार, युवाओं की भागीदारी, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और जनसहयोग से किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ये विषय समाज को सकारात्मक दिशा देने के साथ-साथ देशवासियों में राष्ट्रहित के प्रति जिम्मेदारी की भावना भी मजबूत करते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का ‘सबका प्रयास’ का मंत्र विकसित भारत के निर्माण का मजबूत आधार है। समाज के हर वर्ग की सक्रिय भागीदारी से ही देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार भी प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में जनकल्याण, सुशासन, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण, युवा सशक्तिकरण, स्थानीय उत्पादों के प्रचार-प्रसार और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसके लिए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष मधु सिंह, रुड़की नगर निगम की मेयर अनीता अग्रवाल, राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल, ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश गिरी, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर सहित भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.