कोचिंग सेंटरों के लिए नए नियम बनाने की मांग, प्रधानमंत्री को भेजा गया बड़ा ज्ञापन

सितारगंज। विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एक समाज श्रेष्ठ समाज संस्था ने देशभर में संचालित कोचिंग सेंटरों के लिए नए सुरक्षा नियम लागू करने की मांग उठाई है। संस्था ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संबोधित एक ज्ञापन हल्द्वानी सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से भेजकर अनुरोध किया है कि बेसमेंट और दो मंजिल से अधिक ऊंचाई पर संचालित कोचिंग सेंटरों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए।

संस्था के अध्यक्ष योगेंद्र कुमार साहू और मार्गदर्शिका पूर्णिमा रजवार के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि देश के कई हिस्सों में बहुमंजिला इमारतों और बेसमेंट में संचालित कोचिंग संस्थानों में सुरक्षा मानकों का पर्याप्त पालन नहीं हो पाता। ऐसे स्थानों पर आग, भूकंप या अन्य आपातकालीन स्थिति में विद्यार्थियों को सुरक्षित बाहर निकालना बेहद चुनौतीपूर्ण हो सकता है। इसलिए छात्रों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कोचिंग सेंटरों के संचालन के लिए स्पष्ट और सख्त नियम बनाए जाने की आवश्यकता है।

ज्ञापन में केंद्र सरकार से मांग की गई है कि देशभर में केवल भूतल, पहली और दूसरी मंजिल तक ही कोचिंग सेंटर संचालित करने की अनुमति दी जाए। संस्था का कहना है कि इससे आपातकालीन परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्य आसान होगा और विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकेगी।

संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षा संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक समान राष्ट्रीय नीति बनाई जानी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके। उनका मानना है कि समय रहते प्रभावी नियम लागू किए जाने से लाखों छात्रों और उनके अभिभावकों में भी भरोसा बढ़ेगा।

इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष योगेंद्र कुमार साहू, मार्गदर्शिका पूर्णिमा रजवार, सचिव नंदकिशोर आर्या, कोषाध्यक्ष बलराम हालदार, मनीषा आर्या, कल्पना भंडारी, अलका टंडन, सुनीता तिवारी, रोहतास प्रजापति, योगेश कश्यप, मोनिका आर्या, खुशी नागर, जानकी कश्यप, सूरज मिस्त्री, नमन तिवारी, दीपक कुमार, सुशील राय, मुकेश कुमार सहित संस्था के अनेक पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.