जमशेदपुर के मानगो स्थित आज़ादनगर रोड नंबर-7 में मुहर्रम के अवसर पर गल्फ ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट की ओर से लंगर एवं शरबत वितरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में राहगीरों और स्थानीय लोगों के बीच ठंडा शरबत वितरित किया गया।
इस मौके पर गल्फ ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट के निदेशक शेख फरीदुल्लाह ने बताया कि भीषण गर्मी को देखते हुए हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी यह सेवा शिविर लगाया गया है। उन्होंने कहा कि मुहर्रम केवल आस्था का पर्व ही नहीं, बल्कि इंसानियत, भाईचारे और सेवा का संदेश देने का भी अवसर है।
शिविर के माध्यम से लोगों को गर्मी से राहत पहुंचाने का प्रयास किया गया। आयोजन में संस्थान के सदस्यों और स्वयंसेवकों ने सक्रिय रूप से भाग लिया तथा आने-जाने वाले लोगों की सेवा की। इस दौरान इंसानियत, आपसी सौहार्द और सामाजिक एकता का संदेश भी दिया गया।