खेत में मिला 25 किलो का संदिग्ध विस्फोटक, सेना की टीम ने ऐसे टाला बड़ा खतरा

जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र के सोनपोखरी गांव में एक खेत से मिले संदिग्ध विस्फोटक को भारतीय सेना की बम निष्क्रियकरण और निस्तारण (बीडीडीएस) टीम ने सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया। पुलिस और प्रशासन की निगरानी में हुई इस कार्रवाई के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

जानकारी के अनुसार, सोनपोखरी गांव के मुंडा टोला निवासी विजय मुंडा के खेत में एक संदिग्ध वस्तु मिलने की सूचना प्रशासन को दी गई थी। प्रारंभिक जांच में यह विस्फोटक जैसी सामग्री प्रतीत हुई, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों को तत्काल अलर्ट किया गया। एहतियात के तौर पर विस्फोटक के आसपास के क्षेत्र की घेराबंदी कर दी गई और लोगों की आवाजाही सीमित कर दी गई, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके।

प्रशासन के मुताबिक, बरामद संदिग्ध विस्फोटक लगभग 56 सेंटीमीटर लंबा, 42.5 सेंटीमीटर व्यास वाला और करीब 20 से 25 किलोग्राम वजनी था। इसके आकार और वजन को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने इसे गंभीरता से लिया और भारतीय सेना की बीडीडीएस टीम को मौके पर बुलाया गया।

पुलिस अधीक्षक पश्चिमी सिंहभूम अमित रेनू के निर्देश पर शुक्रवार को विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक, मनोहरपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डेबिट धोरे, थाना प्रभारी धनंजय बैठा, अंचलाधिकारी, स्थानीय मुखिया और ग्राम प्रधान भी मौजूद रहे। सेना की विशेषज्ञ टीम ने निर्धारित सुरक्षित स्थान पर सभी मानकों का पालन करते हुए विस्फोटक को सफलतापूर्वक निष्क्रिय कर नष्ट कर दिया।

पूरे अभियान के दौरान सुरक्षा उपायों का विशेष ध्यान रखा गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कार्रवाई के दौरान किसी भी ग्रामीण की जान-माल को नुकसान नहीं पहुंचा। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं भी संदिग्ध वस्तु दिखाई दे तो उसे छूने या हटाने का प्रयास न करें, बल्कि तत्काल पुलिस या प्रशासन को इसकी सूचना दें। समय रहते की गई इस कार्रवाई से क्षेत्र में संभावित बड़े हादसे को टालने में सफलता मिली है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.