अल्मोड़ा में मंत्री भरत सिंह चौधरी का बड़ा संदेश, आखिर क्यों बोले- अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ?
अल्मोड़ा। उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसके लिए सभी विभागों को समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचे और ग्राम स्तर तक इनकी प्रभावी पहुंच सुनिश्चित की जाए।
शुक्रवार को विकास भवन सभागार, अल्मोड़ा में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान कैबिनेट मंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति का जायजा लिया। विकास भवन पहुंचने पर मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा समेत अन्य अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
बैठक से पूर्व ग्राम्य विकास विभाग और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई। मंत्री भरत सिंह चौधरी ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए स्थानीय महिलाओं और स्वयं सहायता समूहों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूह ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं और इनके उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा ने जिले में संचालित विकास योजनाओं, नवाचार आधारित पहलों और उपलब्धियों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने ग्रामीण विकास, आजीविका संवर्धन, स्वरोजगार, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति से मंत्री को अवगत कराया।
समीक्षा के दौरान कैबिनेट मंत्री ने कहा कि विभागों के बीच बेहतर समन्वय से योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित होता है, जिससे आम जनता को अधिकतम लाभ मिल पाता है। उन्होंने अधिकारियों से विकास कार्यों में नवाचार को बढ़ावा देने और स्थानीय संसाधनों का बेहतर उपयोग कर रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित करने पर विशेष ध्यान देने को कहा। मंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार गांवों के समग्र विकास और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।