खोया हुआ मोबाइल अचानक लौटा हाथों में, 242 लोगों की खुशी का ठिकाना नहीं

अलीगढ़। मोबाइल फोन आज के दौर में लोगों की जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है। ऐसे में मोबाइल गुम हो जाना किसी बड़े नुकसान से कम नहीं माना जाता। लेकिन अलीगढ़ के 242 लोगों के लिए गुरुवार का दिन खुशियों की सौगात लेकर आया, जब उनके खोए या चोरी हुए मोबाइल फोन उन्हें वापस मिल गए। अलीगढ़ पुलिस की सर्विलांस सेल और विभिन्न थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से करीब 46 लाख रुपये से अधिक कीमत के 242 स्मार्टफोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे गए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्वयं लोगों को उनके मोबाइल फोन वितरित किए। अपना खोया हुआ मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। कई लोगों को विश्वास ही नहीं हो रहा था कि महीनों पहले गुम हुआ उनका फोन दोबारा उनके हाथों में होगा। कुछ लोग भावुक नजर आए तो कई लोगों ने पुलिस अधिकारियों और टीम के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, बरामद किए गए मोबाइल फोन की कुल कीमत करीब 46,30,679 रुपये आंकी गई है। इस सफलता के पीछे पुलिस की सतर्कता, तकनीकी निगरानी और लगातार किए गए प्रयासों की अहम भूमिका रही। सीईआईआर (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल पर दर्ज शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मनीष कुमार मिश्र के निर्देशन में सर्विलांस सेल की टीम ने विभिन्न थाना क्षेत्रों की पुलिस के सहयोग से अभियान चलाया। टीम ने तकनीकी सहायता और मोबाइल ट्रैकिंग के जरिए गुम हुए 242 मल्टीमीडिया फोन बरामद किए और उन्हें सुरक्षित रूप से उनके मालिकों तक पहुंचाया।

इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने लोगों को सीईआईआर पोर्टल के महत्व के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति का मोबाइल फोन गुम हो जाए या चोरी हो जाए, तो उसे तत्काल सीईआईआर पोर्टल पर ब्लॉक कराना चाहिए। इससे मोबाइल का दुरुपयोग रोका जा सकता है और उसके मिलने की संभावना भी बढ़ जाती है। पुलिस ने नागरिकों से साइबर अपराधों के प्रति जागरूक और सतर्क रहने की अपील की।

Leave A Reply

Your email address will not be published.