After Header-1

सोना-चांदी खरीदने का मौका? एक दिन में भारी गिरावट, जानें नए भाव

300×250 ADS-1

नई दिल्ली। घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में गुरुवार को सोने और चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। बहुमूल्य धातुओं में लगातार बिकवाली के दबाव के चलते निवेशकों की धारणा कमजोर दिखाई दी, जबकि खरीदारों के लिए यह कीमतों में राहत का संकेत माना जा रहा है।

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोने का अगस्त वायदा अनुबंध 1,573 रुपये की गिरावट के साथ 1,52,306 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर खुला। पिछले कारोबारी सत्र में यह 1,53,879 रुपये पर बंद हुआ था। कारोबार के दौरान सोने में उतार-चढ़ाव बना रहा और खबर लिखे जाने तक यह 1,228 रुपये टूटकर 1,52,651 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था। दिन के दौरान इसने 1,52,685 रुपये का उच्चतम और 1,52,306 रुपये का न्यूनतम स्तर छुआ।

बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, इस वर्ष सोने के वायदा भाव 1,80,779 रुपये प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच चुके हैं। इसके मुकाबले मौजूदा कीमतों में उल्लेखनीय गिरावट देखने को मिल रही है।

300×600 ADS-2

चांदी के दाम में भी गुरुवार को बड़ी नरमी दर्ज की गई। एमसीएक्स पर जुलाई वायदा अनुबंध 3,807 रुपये गिरकर 2,48,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर खुला। कारोबार के दौरान इसमें और कमजोरी आई तथा खबर लिखे जाने तक यह 4,898 रुपये टूटकर 2,46,909 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार करता दिखा। दिन के कारोबार में चांदी ने 2,45,509 रुपये का निचला और 2,48,000 रुपये का ऊपरी स्तर बनाया।

अंतरराष्ट्रीय बाजार कॉमेक्स पर भी सोना और चांदी दबाव में रहे। सोना करीब 50 डॉलर से अधिक गिरावट के साथ 4,330.50 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता देखा गया, जबकि चांदी भी कमजोर होकर 68.94 डॉलर प्रति औंस के आसपास बनी रही।

विशेषज्ञों का मानना है कि वैश्विक आर्थिक संकेतों, निवेशकों की बदली रणनीति और सुरक्षित निवेश विकल्पों में घटती रुचि के कारण सोने-चांदी की कीमतों पर दबाव बना हुआ है। आने वाले दिनों में अंतरराष्ट्रीय बाजार की चाल घरेलू कीमतों की दिशा तय करेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.