भिलाडू स्टेडियम पर कब टूटेगी अड़चन? मंत्री गणेश जोशी ने अधिकारियों को दिया बड़ा अल्टीमेटम

 देहरादून। मसूरी विधानसभा क्षेत्र के भिलाडू में प्रस्तावित स्टेडियम निर्माण को लेकर राज्य सरकार ने तेजी दिखानी शुरू कर दी है। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने सोमवार को अपने कैंप कार्यालय में जिला प्रशासन, खेल विभाग, वन विभाग और पेयजल निगम के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर परियोजना की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने स्टेडियम निर्माण में आ रही बाधाओं को जल्द से जल्द दूर करने के निर्देश दिए।

बैठक में भिलाडू स्टेडियम के लिए आवश्यक पहुंच मार्ग (एक्सटेंशन रोड) से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। मंत्री ने कहा कि परियोजना के लिए चिन्हित वन भूमि को लेकर वन विभाग द्वारा समय-समय पर उठाई जा रही आपत्तियों का शीघ्र निस्तारण किया जाए, ताकि निर्माण कार्य में अनावश्यक देरी न हो। उन्होंने संबंधित विभागों को सभी प्रशासनिक और तकनीकी प्रक्रियाएं समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए।

गणेश जोशी ने कहा कि भिलाडू स्टेडियम मसूरी क्षेत्र के युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण खेल अवसंरचना परियोजना है। इसके निर्माण से स्थानीय खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाएं मिलेंगी और उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने का बेहतर अवसर प्राप्त होगा। उन्होंने अधिकारियों से समन्वय बनाकर कार्य करने और परियोजना को प्राथमिकता देने को कहा।

बैठक में मंत्री ने मसूरी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों, विशेषकर मालसी और झड़ीपानी में बढ़ते अवैध अतिक्रमण पर भी गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अतिक्रमणकारियों को तत्काल नोटिस जारी किए जाएं और नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकारी भूमि और सार्वजनिक संपत्तियों पर अवैध कब्जे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।

मंत्री ने कहा कि क्षेत्र के सुनियोजित विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए अवैध अतिक्रमण पर प्रभावी नियंत्रण आवश्यक है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ जनहित से जुड़े मामलों का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए।

बैठक में नगर पालिका परिषद मसूरी की अध्यक्ष मीरा सकलानी, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.