देहरादून। उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदाता गणना फॉर्म वितरण का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। राज्य में सोमवार शाम 4 बजे तक 88.48 प्रतिशत गणना फॉर्म वितरित किए जा चुके हैं। अब निर्वाचन विभाग का फोकस फॉर्म के डिजिटाइजेशन और ऑनलाइन डेटा अपडेट की प्रक्रिया को गति देने पर है।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदण्डे ने सोमवार को सचिवालय से सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अभियान की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने उन जनपदों की सराहना की जहां गणना फॉर्म वितरण का कार्य निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप तेजी से पूरा किया गया है। ऐसे जिलों को अब दूसरे चरण में फॉर्म डिजिटाइजेशन के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।
समीक्षा बैठक के दौरान यह भी निर्देश दिए गए कि जिन विधानसभा क्षेत्रों और मतदान केंद्रों में गणना फॉर्म वितरण का प्रतिशत राज्य औसत से कम है, वहां विशेष अभियान चलाया जाए। इसके लिए अतिरिक्त मोबाइल टीमों की तैनाती कर बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) को सहयोग प्रदान किया जाएगा, ताकि कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा हो सके।
डॉ. जोगदण्डे ने कहा कि जिन क्षेत्रों में ऑनलाइन गणना फॉर्म भरने की संख्या कम है, वहां व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक मतदाताओं को ऑनलाइन माध्यम से फॉर्म भरने के लिए प्रेरित किया जाए। इसके लिए प्रचार-प्रसार के साथ-साथ तकनीकी सहायता भी उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने नेटवर्क विहीन और दूरस्थ क्षेत्रों में मोबाइल एवं आईटी टीमों को भेजने के निर्देश दिए, ताकि बीएलओ को तकनीकी सहायता मिल सके। साथ ही बीएलओ ऐप के नए मॉड्यूल्स का प्रशिक्षण छोटे-छोटे समूहों में आयोजित करने पर भी जोर दिया गया।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मतदाताओं से अपील की कि वे अपना नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो गणना फॉर्म के साथ बीएलओ को उपलब्ध कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि 8 जून से 7 जुलाई तक चल रहे घर-घर सत्यापन अभियान के दौरान मतदाताओं को किसी अतिरिक्त दस्तावेज की आवश्यकता नहीं होगी। किसी भी सहायता के लिए मतदाता टोल फ्री नंबर 1950 तथा राज्य स्तरीय हेल्पलाइन 1800-3300-1950 पर संपर्क कर सकते हैं।