पौड़ी को मिली 110 करोड़ की सौगात, सीएम धामी की बड़ी घोषणाओं ने बढ़ाई उत्सुकता

 पौड़ी गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को पौड़ी गढ़वाल दौरे के दौरान जनपद को विकास और सांस्कृतिक संरक्षण की कई महत्वपूर्ण सौगातें दीं। उन्होंने श्रीनगर रोड स्थित आधुनिक जिला विज्ञान संग्रहालय का लोकार्पण किया और कंडोलिया महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर इसे राजकीय महोत्सव के रूप में विकसित करने की घोषणा की। साथ ही जनपद के लिए 110.55 करोड़ रुपये की लागत वाली 19 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

मुख्यमंत्री ने विज्ञान संग्रहालय का भ्रमण करते हुए वहां स्थापित आधुनिक वैज्ञानिक मॉडल, इंटरएक्टिव प्रदर्शनियों और प्रयोगात्मक शिक्षण सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि यह संग्रहालय केवल प्रदर्शनी केंद्र नहीं, बल्कि विद्यार्थियों और युवाओं के लिए विज्ञान, नवाचार और शोध को बढ़ावा देने वाला आधुनिक शिक्षण केंद्र बनेगा। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद भी किया और विज्ञान के प्रति उनकी जिज्ञासा एवं उत्साह की सराहना की।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने कंडोलिया मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की और रामलीला मैदान में आयोजित कंडोलिया महोत्सव का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने घोषणा की कि कंडोलिया महोत्सव को अब राजकीय महोत्सव के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को और मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड विकास और विरासत दोनों को साथ लेकर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार आधारभूत ढांचे को मजबूत करने, रोजगार के अवसर बढ़ाने और पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा नए रिकॉर्ड बना रही है और राज्य में पर्यटन, स्वरोजगार तथा स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

उन्होंने युवाओं के हितों की रक्षा के लिए लागू किए गए सख्त नकल विरोधी कानून का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले चार वर्षों में 33 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी नौकरियां दी गई हैं। मुख्यमंत्री ने यूसीसी, धर्मांतरण विरोधी कानून और भू-कानून जैसे फैसलों को राज्य की सांस्कृतिक और सामाजिक पहचान की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण बताया।

उन्होंने कहा कि पौड़ी और श्रीनगर क्षेत्र में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाएं भविष्य में रोजगार, पर्यटन और आर्थिक विकास के नए अवसर पैदा करेंगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.