टपकेश्वर मंदिर में चला विशेष स्वच्छता अभियान, तमसा नदी की सफाई में उतरे मंत्री और कार्यकर्ता

 देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन और जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान के तहत रविवार सुबह देहरादून के प्रसिद्ध टपकेश्वर मंदिर परिसर और तमसा नदी के किनारे विशेष सफाई अभियान आयोजित किया गया। अभियान में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने स्वयं भाग लेकर स्वच्छता का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री ने मसूरी विधानसभा क्षेत्र के शहीद दुर्गामल्ल मंडल के भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों के साथ मिलकर मंदिर परिसर एवं तमसा नदी क्षेत्र में सफाई कार्य किया। इस अवसर पर उन्होंने आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का आह्वान किया।

गणेश जोशी ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा एक सामाजिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने आसपास के वातावरण को साफ-सुथरा रखने में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया स्वच्छ भारत अभियान आज एक जन आंदोलन का स्वरूप ले चुका है और देशभर में लोगों के व्यवहार में सकारात्मक बदलाव लाने में सफल रहा है।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के आह्वान पर कार्यकर्ता स्वच्छता अभियान सहित विभिन्न जनहितकारी कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। इस प्रकार के अभियान न केवल पर्यावरण संरक्षण में सहायक होते हैं, बल्कि समाज में जागरूकता फैलाने का भी महत्वपूर्ण माध्यम बनते हैं।

कैबिनेट मंत्री ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे स्वच्छता को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाएं और स्वच्छ भारत के लक्ष्य को साकार करने में अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थलों, धार्मिक परिसरों और जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखना सामूहिक जिम्मेदारी है।

अभियान के दौरान सरकार में दायित्वधारी ज्योति कोटिया, मंडल प्रभारी समीर डोभाल, मंडल महामंत्री मनोज क्षेत्री, अल्का कुल्हान, बूथ अध्यक्ष किशोर कुमार, सारिका खत्री, मंडल युवा मोर्चा अध्यक्ष मोहित खरोला सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.